Posts

Showing posts from January, 2021

हरियाणा पुलिस का मोस्ट वांटेड था पपला, फिर भी उसे पकड़ने में राजस्थान पुलिस का नहीं किया ज्यादा सहयोग

Image
अलवर. कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर की राजस्थान से पहले हरियाणा पुलिस को तलाश थी, लेकिन हरियाणा पुलिस उसे तीन साल में भी गिरफ्तार नहीं कर पाई। वहीं, पपला की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस का भी हरियाणा पुलिस ने ज्यादा सहयोग नहीं किया। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टर पपला गुर्जर को हरियाणा में राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले के गांव खैरोली निवासी विक्रम उर्फ पपला गुर्जर राजस्थान और हरियाणा का मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल था। दक्षिण हरियाणा खासकर रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नारनौल और धारूहेड़ा में पपला गुर्जर का जबरदस्त आतंक है। पांच लाख के इनामी पपला पर हत्या, लूट और रंगदारी के करीब 20 मामले दर्ज हैं। उसे 2016 में नारनौल पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन दिसंबर 2017 में महेंद्रगढ़ कोर्ट में पुलिस पर फायरिंग कर साथी बदमाश पपला को हरियाणा पुलिस के शिकंजे से छुड़ा ले गए थे। इस दौरान हरियाणा पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर को गोली भी लगी थी। पपला उसके बाद हरियाणा पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। करीब तीन साल से हरियाणा पुलिस पपला के पीछे थी और उस पर दो लाख रुपए का...

कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर को लेकर हुआ यह बड़ा खुलासा, इस गलती के कारण पकड़ा गया फरार पपला

Image
अलवर. शातिर गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर ने बहरोड़ थाने से फरारी के बाद से मोबाइल नहीं रख रहा था। जैसे ही उसने अपना मोबाइल चालू किया तो वह राजस्थान पुलिस के रडार पर आ गया और मात्र दस दिन के ऑपरेशन में ही पुलिस ने पपला को धरदबोचा। पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों पुलिस ने पपला गुर्जर के साथी बदमाशों को भारी पुलिस सुरक्षा में बहरोड़ कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान पुलिस को पपला के मोबाइल चालू करने के बारे में पुख्ता सुराग हाथ लगे। इसके बाद पुलिस ने पपला की धरपकड़ के लिए सरगर्मी से प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस को पपला के महाराष्ट्र के कोल्हापुर में नाम बदलकर महिला मित्र के साथ रहने की सूचना लगी। इसके बाद अलवर और जयपुर साइक्लोन सैल के माध्यम से पुलिस पपला तक पहुंचने में सफल रही। पपला कोल्हापुर में नाम बदलकर रह रहा था। उसके पास से उधम नाम से फर्जी आधार कार्ड भी मिला है। कुछ दिन पहले ही चालू किया था मोबाइल पुलिस सूत्रों के अनुसार पपला गुर्जर कोल्हापुर में जिम ज्वाइन कर लिया। वहां पपला की जिम संचालक महिला से दोस्ती हो गई। पपला की ऐशो आराम को देख महिला भी उसकी तरफ आकर्षित हो गई। जि...

ऑपरेशन पपला’ में ये सुपर कॉप रहे असली हीरो, स्पेशल 26 की इस टीम को घरवालों तक से नहीं करने दी थी बात

Image
अलवर. मोस्ट वांटेड गैंगस्टर पपला गुर्जर को पकडऩे के लिए राजस्थान पुलिस की ओर चलाए गए ‘ऑपरेशन पपला’ में जयपुर रेंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में कुल 26 पुलिस अधिकारी, जवान और कमांडो शामिल थे, लेकिन इस ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने में अलवर और भिवाड़ी पुलिस जिले के 9 पुलिस अधिकारी और जवानों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही। इनमें अलवर पुलिस जिले के अरावली विहार एसएचओ जहीर अब्बास, मुरारीलाल, इरशाद और साइबर सैल के संदीप तथा भिवाड़ी पुलिस जिले के सब इंस्पेक्टर सुनील जांगिड़ व मुकेश कुमार, पुलिसकर्मी योगेश शर्मा, महेश सैनी व सुनील मीणा शामिल रहे। गैंगस्टर पपला गुर्जर भागने के लिए जब मकान की दूसरी मंजिल से पीछे की तरफ कूदा तो यह टीम पहले से वहीं तैनात थी। जैसे ही पपला नीचे कूदा इस टीम ने उसे दबोच लिया। ऑपरेशन में कोई चूक न हो इसलिए 7 दिन पहले ही बंद करा दिए थे सभी पुलिसकर्मियों के मोबाइल गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला को पकडऩा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। ऑपरेशन पपला में कोई चूक न हो, इसलिए सभी पुलिस कर्मियों के मोबाइल ऑपरेशन से सात दिन पहले ही बंद करा दिए गए। ऑपरेशन के ...

पपला की गिरफ्तारी के बाद कैसा है उसके गांव खैरोली का माहौल, जानिए इस रिपोर्ट में

Image
अलवर. हरियाणा व राजस्थान पुलिस का पांच लाख का ईनामी मोस्ट वांटेड बदमाश पपला गुर्जर की गिरफ्तार के बाद जहां दोनों राज्यों की पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली है, वहीं आरोपी के गांव में इसे लेकर फिलहाल किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि माता-पिता व अन्य परिजनों का इससे कोई संपर्क नहीं है। गांव में भी कोई बोलने को तैयार नहीं है। राजस्थान पुलिस ने महाराष्ट्र से गुरुवार को पपला को गिरफ्तार किया था। पपला के माता-पिता ने पूर्व में कहा था कि वे चाहते हैं कि पपला का एनकाउंटर ना हो। पुलिस उसे गिरफ्तार करे। पूर्व में भी पुलिस की टीम ने कई बार पपला को पकड़ने के लिए खैरोली गांव में दबिश दी थी। गांव की जिम, व्यायामशाला व अन्य लोगों से पूछताछ की गई थी। कौन है विक्रम उर्फ पपला गुर्जर महेंद्रगढ़ जिले के गांव खरोली का रहने वाला गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर कई जिलों में आतंक का पर्याय बना हुआ है। यह कुछ साल पहले ही अपराध की दुनिया में चर्चा में आया था। पपला के एक भाई व एक बहन है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपने गुरु शक्ति गुर्जर की हत्या का बदला लेने के लिए पपला ने अप...

पपला और उसकी गर्लफ्रेंड जिया को नीमराणा थाने में रखा, दोनों से हो रही पूछताछ, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

Image
अलवर/नीमराणा. कुख्यात बदमाश विक्रम उर्फ पपला को कोर्ट से 13 दिन के रिमाण्ड पर लेने के बाद नीमराणा पुलिस थाने में पूछताछ के लिए रखा है। ऐसे में नीमराणा पुलिस थाने से औद्योगिक क्षेत्र की तरफ जाने वाली सडक़ों पर पुलिस ने बेरिकेट्स लगाकर नाकाबंदी की है, ताकि पपला को छुड़ाने के लिए फिर से प्रयास न हों। वहीं नीमराणा पुलिस थाने में पपला व उसकी महिला मित्र को रखे जाने के चलते पुलिस थाने के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नीमराणा पुलिस थाने पर भिवाड़ी एसपी राममूर्ति जोशी शाम करीब चार बजे पहुंचे और वहां पर पपला व उसकी महिला मित्र से पूछताछ करने के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जायजा लिया। पहली रात भी नीमराणा थाने में रखा गया था महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तारी के बाद बहरोड़ थाने से लॉकअप ब्रेक कर फरार मोस्ट वांटेड बदमाश पपला गुर्जर को पुलिस गुरुवार देर रात पहले तो नीमराणा थाने लाई थी। जिसके बाद रात्रि को पुलिस जाप्ता की तैनातगी ओर कड़ी सुरक्षा के बीच नीमराणा थाने के अलग अलग लॉकअप में पपला व उसकी महिला मित्र को रखा और सुबह सवा 9 ब...

कोरोना का भय हुआ कम, बाजार खुले, पार्क खुलने का अभी इंतजार

Image
अलवर. जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा कम हुआ है, इसके चलते प्रशासन ने अब शनिवार को बाजार खोलने सहित अन्य पाबंदियां हटा ली हैं, लेकिन सार्वजनिक पार्कों में आमजन के प्रवेश पर लगी पाबंदी हटने का अभी इंतजार है। कोविड-19 के प्रकरणों में अप्रत्याशित वृद्धि के चलते जिला प्रशासन ने गत 22 नवम्बर को जिले में सार्वजनिक पार्कों को बंद करने के आदेश दिए थे। इसी आदेश में अलवर शहर में हर शनिवार को बाजार बंद रखने के आदेश भी शामिल थे। वहीं रात्रिकालीन कफ्र्यू की सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए गए थे। कोरोना का संक्रमण कम होने पर प्रशासन ने जिले में रात्रिकालीन कफ्र्यू खत्म कर दिया, वहीं शनिवार को बाजार खोलने की छूट दे दी। इतना ही नहीं विभिन्न आयोजनों के लिए प्रशासन से ली जाने वाली अनुमति में भी छूट देकर केवल सूचना देने की अनिवार्यता रखी, लेकिन सार्वजनिक पार्क खोलने को लेकर अलग से आदेश जारी नहीं हुए। इस कारण लोगों में अभी पार्क खुलने को लेकर असमंजस है। पार्कों में कम संख्या में पहुंच रहे लोग सार्वजनिक पार्कों को खोलने पर लगाई पाबंदी के कारण लोग सार्वजनिक पार्कों में अब दिखाई नहीं पड़ रहे। कोरोनोक...

बाघ का मूवमेंट अभी बाला किला क्षेत्र में, सुरक्षा प्रबंध पर जोर

Image
अलवर. शहर के समीपवर्ती बाला किला क्षेत्र में शनिवार को पर्यटकों को बाघ नहीं दिखा, लेकिन अभी बाघ एसटी-18 का मूवमेंट इसी क्षेत्र में है। इसके चलते सरिस्का प्रशासन ने सुरक्षा के प्रबंध कड़े करने किए हैं। सुबह के समय दौड़ लगाने वाले करीब 40 युवकों को समझाइश कर वापस लौटाया, वहीं प्रतापबंध गेट पर दो पहिया वाहन चालकों को प्रवेश नहीं दिया गया। हालांकि अलवर बफर रेंज में पर्यटकों की संख्या में ज्यादा इजाफा नहीं हुआ। सरिस्का बाघ परियोजना के अलवर बफर रेंज स्थित बाला किला क्षेत्र में पर्यटकों को बाघ दिखने के बाद अलवर में पर्यटन की उम्मीद जगी है। बाघ एसटी-18 को बाला किला क्षेत्र खासा रास आ रहा है। यही कारण है कि करीब एक महीने से यह बाघ बाला किला एवं आसपास घूम अपनी टैरिटरी बनाने में जुटा है। बाला किला क्षेत्र में बाघ दिखने से अलवर के पर्यटन को पंख लगने की उम्मीद जगी है। अभी बाघ बाला किला क्षेत्र में ही घूम रहा है। बाला किला क्षेत्र में पैदल जाना खतरे से भरा बाघ की मौजूदगी के चलते बाला किला क्षेत्र में लोगों का पैदल या दो पहिया वाहनों पर जाना अब खतरे से भरा हो सकता है। इसी आशंका को देख सरिस्का प्र...

पुलिस को देख पपला ने अपनी गर्लफ्रेंड के गर्दन पर रख दिया था चाकू, स्पेशल टीम ने 10 मिनट में 'ऑपरेशन पपला' को दिया अंजाम

Image
अलवर. गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर को पकडऩे से पूर्व राजस्थान पुलिस ने जबरदस्त होमवर्क किया। ताकि कोई चूक न रह जाए। राजस्थान पुलिस की टीम ने मजबूत रणनीति के साथ पपला पर धावा बोला और मात्र 10 मिनट में ‘ऑपरेशन पपला’ को अंजाम तक पहुंचा दिया। हालांकि राजस्थान पुलिस को करीब 25 दिन पहले ही पपला के कोल्हापुर में बारे में अहम सुराग हाथ लग गए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में चुनिंदा पुलिसकर्मी और कंमाडो की टीम तैयार की गई। इसके बाद पुलिस टीम महाराष्ट्र के कोल्हापुर पहुंची। टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को पपला की तलाश में अलग-अलग टास्क दिए गए। टीम के कई पुलिसकर्मियों ने दाढ़ी बढ़ाते हुए अपने हुलिया में बदलाव किया। पपला की महिला मित्र और मकान मालिक का पता लगाने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों ने कोल्हापुर के हेल्थ क्लब में जाकर जिम ज्वाइन की तथा कुछ पुलिसकर्मियों ने स्टूडेंट और बैंक कर्मचारी बन किराए के मकानों में तलाश की। वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों ने मेडिकल टीम बनकर कोरोना की जांच के बहाने पपला के बारे में पड़ताल की। वहां से पुलिस को पपला की महिला मित्र और मकान...

अपराध का हश्र: एके-47 से आतंक मचाकर बहरोड़ से भागा था पपला, अब उसी बहरोड़ में बैसाखी के सहारे चलना पड़ रहा

Image
अलवर. दो राज्यों की पुलिस का मोस्ट वांटेड अपराधी पपला गुर्जर, जिसका पिछले छह सालों से हरियाणा और एनसीआर में खौफ रहा। जो पिछले चार साल से पुलिस को भगा रहा है। साल 2017 में हरियाणा के नारनौल कोर्ट में गोली चलाकर फरार होना हो या फिर बहरोड़ थाने में एके-47 से फायर करवा एक पांच घंटे में ही पुलिस की नाक के नीचे से फरार होना। यह सब उसके बाएं हाथ का खेल था। जिस बहरोड़ में 6 सितम्बर 2019 को आतंक मचाकर राजस्थान पुलिस को चुनौती देते हुए पपला फरार हुआ था। अब 16 महीने और 25 दिन बाद उसी बहरोड़ में पपला को बैसाखी के सहारे चलना पढ़ रहा है। अपने पहलवानी शरीर पर पपला को नाज था, आज उसी शरीर ने पपला का साथ छोड़ दिया है। पपला को चलने के लिए भी बैसाखी का सहारा लेना पड़ रहा है। आज आज बहरोड़ जेल में शिनाख्त परेड करवाने के बाद पपला को फिर से कोर्ट में पेशी पर लाया गया तो पपला बैसाखी के सहारे चलने लगा। चलते समय वो दर्द से करहा रहा था। जब बैसाखी के सहारे भी नहीं चला गया तो पुलिसकर्मी को उसे सहारा देना पड़ा। जी हां! अपराध का यही हश्र तो होता है। अपराध की दुनिया का कितना भी बड़ा खिलाडी हो, वो कानून से ऊपर नहीं होता। देर...

पूर्व मंत्री पुत्र मोहित यादव पर हमला करने वाले गिरफ्तार, जानिए कौन हैं हमलावर

Image
बहरोड़. पूर्व श्रम मंत्री डॉ. जसवंत सिंह यादव के बेटे मोहित यादव पर 24 जनवरी को सुबह हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी देशराज गुर्जर ने बताया कि मोहित यादव के पर्चा बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कस्बे के जैतपुरा मोहल्ला निवासी रविन्द्र मेहरा पुत्र कालूराम, जखराना निवासी सुचेत सिंह पुत्र रतनसिंह व बावल हरियाणा निवासी नवीन पुत्र राजपाल को बापर्दा गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घटना को पूर्व में चल रही रंजिश के चलते अंजाम दिया था। वह ब्रेजा व स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए थे और उसकी गाड़ी को रोककर मारपीट की थी। जिसके बाद मोहित यादव की गाड़ी के चालक ने गाड़ी को पीछे किया तो पीछे से आ रहे ट्रक से उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। उन्होंने जब गांव वालों को आता देखा तो वह मौके से भाग गए। डीएसपी गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार किए सभी आरोपियों से घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की गई है। अन्य आरोपित ...

कुख्यात बदमाश पपला गुर्जर को तेरह दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजा

Image
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में अदालत ने कुख्यात बदमाश विक्रम गुर्जर उर्फ पपला गुर्जर को आज तेरह दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। दो दिन पहले ही गिरफ्तार किए गए पपला गुर्जर को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बहरोड की अदालत में पेश किया गया जहां उसे तेरह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले को देख रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा ने बताया कि पपला गुर्जर की जेल में शिनाख्त परेड कराई गई। उसके बाद उसे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदालत में पेश किया गया जहां उसे ग्यारह फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि पपला गुर्जर को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि उसके पुलिस हिरासत के दौरान उससे पूछताछ की जाएगी और जहां-जहां भी उसने फरारी काटी है और फरारी में जिसने सहयोग किया है वहां पर भी ले जाकर इसकी शिनाख्त कराई जाएगी। इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने पपला की गर्लफ्रेंड जिया को 7 दिन की रिमांड पर लिया था। गौरतलब हैं कि पपला गुर्जर पांच सितंबर 2019 की रात बहरोड़ हाईवे से करीब 32 लाख रुपए के साथ...

डेढ़ माह की दोस्ती बदली प्यार में, 12 दिन पहले ही पपला के साथ रहने लगी थी गर्लफ्रेंड जिया, अब सात दिन के रिमांड पर

Image
अलवर. Papla Gujjar Girlfriendf Jiya Us Sahar: जिस युवती ने पपला को उसके घर रखा, अब वह पपला की वजह से रिमांड पर है। गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला और जिम ट्रेनर जिया की जान पहचान ज्यादा पुरानी नहीं है। करीब डेढ़ माह पहले दोनों के बीच में दोस्ती हुई और जल्दी ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई। पिछले करीब 12 दिन से ही जिया और पपला एकसाथ रहने लगे। गैंगस्टर से दोस्ती और प्यार का परिणाम यह रहा कि जिया को भी राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महाराष्ट्र के सतारा जिले की रहने वाली जिया उससहर सिकलीगर अपने माता-पिता से अलग कोल्हापुर में रहती है और वह जिम ट्रेनर है। जिस जिम में जिया ट्रेनर थी उसी जिम को गैंगस्टर पपला गुर्जर ने ज्वाइन कर लिया। जिम में ही करीब डेढ़ माह पहले दोनों के बीच में दोस्ती हो गई। चंद दिनों में ही यह प्यार में बदल गई। जिया और पपला दोनों कोल्हापुर में अलग-अलग जगह मकान किराए पर लेकर रहते थे, लेकिन दोनों के बीच तेजी से नजदीकियां बढ़ी। इसके बाद करीब 12 दिन पहले जिया ने अपना किराए का मकान खाली कर दिया और वह पपला के पास उसके मकान में शिफ्ट हो गई। दोनों इस किराए के मकान में पिछले 12 दिनों...

भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा के फिर बिगड़े बोल, विधायक बलजीत यादव को बताया बलजीत खां, जानिए और क्या कहा

Image
अलवर. अपने बयानों से चर्चाओं में रहने वाले अलवर जिले के रामगढ़ से पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के बोल एक बार फिर बिगड़े। शुक्रवार को बहरोड़ में भाजपा नेता मोहित यादव पर हुए हमले के विरोध में एकत्र हुए लोगों को सम्बोधित करते हुए ज्ञानदेव आहूजा ने बहरोड़ विधायक बलजीत यादव को बलजीत खां बताया। आहूजा ने कहा की पहलू खान हो चाहे बलजीत खां, कोई खान हम लोगों से बच नहीं पाएगा। हमारे बच्चे मोहित यादव पर हमला हुआ है। जो हश्र पहलू खान का हुआ वो हम नहीं चाहते किसी को हो, क्योंकि वो हमारे समाज का बंधू है। लेकिन वो बहरोड़ में क्या कर रहे हैं। उन्होंने बलजीत यादव को लेकर कहा की हम भी मेवात से विधायक रहे हैं। मेवात में जुबैर खान मुसलमान और मैं हिन्दू। वो कांग्रेस, मैं भाजपा का, लेकिन ऐसी गुंडागर्दी न जुबैर खान ने की ना हमने की। आहूजा ने कहा कि मैं मेवात से आता हूं और सीधा-सीधा बोलता हूं भारत माता की जय और जो नहीं माने उसे लट्ठ दे। हमने जब मेवात में निपटा दिया है तो यहां समझाने में देर नहीं लगेगी। यहां एक बलवान ही काफी है, बलजीत यादव को बर्बाद करने में। पूर्व विधायक आहूजा के इस बयान का वीडियो तेजी से सोशल मी...

पपला गुर्जर की बहरोड़ जेल में शिनाख्त कराई, जिन पुलिसकर्मियों ने पहले गिरफ्तार किया था, उन्ही से फिर हुआ सामना

Image
अलवर. अलवर जिले के बहरोड़ थाने पर ताबड़तोड़ फायरिंग करा फरार होने वाला कुख्यात बदमाश पपला गुर्जर आज फिर उन्हीं पुलिस अधिकारियों और जवानों से मिलेगा, जिन्हें चकमा देकर वो 6 सितम्बर 2019 को फरार हुआ था। पपला गुर्जर की बहरोड़ जेल में शिनाख्त कराई गई। पुलिस के अनुसार इस बार पपला गुर्जर को बापर्दा गिरफ्तार किया है। ऐसे में उस वक्त जिन पुलिसकर्मियों ने पपला को देखा था, वे सुनिश्चित करेंगे की यही पपला गुर्जर है। बहरोड़ उपकारागृह में बहरोड़ के तत्कालीन थानाधिकारी सुगन सिंह, संत्री कृष्ण, एएसआइ राकेश कुमार आदि बहरोड़ जेल में पहुंचे और पपला गुर्जर की शिनाख्त की। इससे पूर्व शुक्रवार को पपला को दो दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। पपला को शनिवार शाम या रविवार को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां पुलिस न्यायालय से पपला से कस्टडी की अनुमति मांगेगी। यह देखना होगा की पपला को कितने दिनों की न्यायिक या पुलिस अभिरक्षा में भेजा जाता है। पपला के ऊपर आइपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ धरा 224, 225, 307, 450 व 3/25 में मामले दर्ज हैं। बहरोड़ के अलावा मुंडावर थाने में भी पपला के...

दुश्मन से मुठभेड़ में अलवर का लाल शहीद, 19 साल के निखिल ने देश सेवा में दी शहादत, आज पहुंचेगा पार्थिव देह

Image
अलवर/टपूकड़ा . देश की सेवा में तैनात भिवाड़ी गांव के सैदपुर गांव के लाल निखिल दायमा शुक्रवार को दुश्मन से लोहा लेते शहीद हो गए । जानकारी के अनुसार आतंकियों के सीजफायर के दौरान वे गोली लगने से घायल हो गए, उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान वे शहीद हो गए। भारतीय सेना की थर्ड राजपूत रेजिमेंट में तैनात निखिल दायमा की उम्र महज 19 साल थी और वे कश्मीर के उरी सेक्टर में तैनात थे। यह उनकी पहली पोस्टिंग थी। निखिल के ताऊ जीत दायमा ने बताया कि सेना की ओर से शुक्रवार दोपहर फोन पर शहादत की सूचना मिली। शनिवार सुबह उनका पार्थिव देह दिल्ली लाया जाएगा जो दोपहर तक उनके गांव पहुंचेगा।जहां उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। निखिल दायमा दिसंबर 2019 में सेना में भर्ती हुए थे। वे भिवाड़ी से सबसे कम उम्र में सेना में भर्ती हुए थे।सेना में भर्ती होने के एक साल तक उन्होंने ट्रेनिंग की थी। ट्रेनिंग के बाद वे हाल ही में सेना में भर्ती हुए थे। लेकिन देश की सेवा करते वे वीर गति को प्राप्त हो गए। वे 2 दिन पूर्व ही बेस कैंप से उरी में गए थे। परिजनों ने बताया कि निखिल 13 जनवरी को ही छुट्टी प...

बड़ा खुलासा: पपला गुर्जर को पुलिस और SOG की ख़ुफ़िया सूचनाएं पहुंचा रहा था कांस्टेबल, सारी रणनीति कर रहा था लीक

Image
अलवर. भिवाड़ी पुलिस के बेड़े में सुराख के कारण राजस्थान पुलिस को कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला को पकडऩे में साढ़े 16 माह लग गए। दरअसल, भिवाड़ी पुलिस की क्यूआरटी का चालक पपला गिरोह से लगातार सम्पर्क में था और पुलिस के हर प्लान की सूचना पपला तक पहुंचा रहा था। इसका खुलासा होने के बाद अधिकारियों ने क्यूआरटी के इस चालक को सस्पेंड कर दिया है और उसके खिलाफ जांच बैठा दी गई है। बहरोड़ पुलिस ने गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर को 5 सितम्बर 2019 को पकड़ा था। कुछ पुलिसकर्मियों से मिलीभगत कर अगले ही दिन 6 सितम्बर की सुबह पपला ने बहरोड़ थाने पर हमला करा दिया और लॉकअप फरार हो गया। इस घटना से राजस्थान पुलिस की जबरदस्त बदनामी हुई, लेकिन इसके बाद भिवाड़ी पुलिस की क्यूआरटी के चालक सुधीर कुमार ने पपला गुर्जर गिरोह से सम्पर्क साध लिया। कांस्टेबल सुधीर कुमार इस घटना के बाद से पपला गिरोह के लगातार सम्पर्क में था। पपला की गिरफ्तारी को लेकर भिवाड़ी पुलिस की रणनीति लगातार लीक कर रहा था और पुलिस की गोपनीय जानकारी पपला गिरोह के गुर्गों को दे रहा था। पुलिस की हर प्लानिंग की सूचना पपला के पास पहले ही पहुंच ...

उरी में आतंकियों से मुठभेड़ में राजस्थान का 19 वर्षीय लाल शहीद, 13 जनवरी को छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटे थे

Image
अलवर । जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में शुक्रवार को सुरक्षा बलों की आतंकियों से मुठभेड़ में राजस्थान के अलवर जिले के सैदपुर गांव के 19 वर्षीय लाल निखिल दायमा शहीद हो गए। जानकारी के अनुसार आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान उन्हें गोली लगी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। 2 दिन पूर्व ही बेस कैंप से उरी गए थे भारतीय सेना की थर्ड राजपूत रेजिमेंट में सिपाही पद पर तैनात निखिल के ताऊ जीत दायमा ने बताया कि सेना की ओर से शुक्रवार दोपहर फोन पर शहादत की सूचना मिली। शनिवार सुबह उनका पार्थिव देह दिल्ली लाया जाएगा जो दोपहर तक उनके गांव सैदपुर पहुंचेगा। निखिल 2 दिन पूर्व ही बेस कैंप से उरी गए थे। यह उनकी पहली पोस्टिंग थी। परिजनों ने बताया कि निखिल 13 जनवरी को छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटे थे। जाते वक्त सभी से हंसते हुए मिलकर गए थे। परिवार स्तब्ध उनकी शहादत की सूचना से परिजन स्तब्ध हैं। परिवार की महिलाओं को शुक्रवार देर रात तक इसकी सूचना नहीं दी गई थी। गुरुवार को ही निखिल की अपने माता-पिता से बात हुई थी। उनके पिता मंजीत दायमा ड्राइवर और माता सविता गृहिणी हैं। निखिल का छोटा भाई चन्...

खुशखबर : अलवर में आठ माह बाद कोराना का एक भी नया मरीज नहीं

Image
अलवर। वैश्विक महामारी कोराना के महासंकट के बीच पहली बार शुक्रवार को सबसे बड़ी खुशखबरी आई। आठ माह बाद अलवर में एक भी नया कोराना पॉजिटिव मरीज सामने नहीं आया है। जयपुर से जारी रिपोर्ट मिलते ही अलवर जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग में खुशी की लहर भी छा गई। रिपोर्ट में अलवर के साथ ही धौलपुर, दौसा, बूंदी, श्रीगंगानगर, जालौर, सिरोही, सवाईमाधोपुर, प्रतापगढ़ और टोंक में भी एक भी नया मरीज नहीं आया है। अलवर में करीब आठ माह बाद यह स्थिति सामने आई है। चिकित्सा विभाग के मुताबिक इससे पहले अंतिम बार मई 2020 में यह स्थिति सामने आई थी। हालांकि उसके बाद कोराना ने फिर रफ्तार पकड़ी थी। पूरे राज्य में जयपुर और जोधपुर के बाद अलवर ही कोराना का सबसे बड़ा हॉट स्पॉट माना जा रहा था। राहत की रिपोर्ट के बावजूद प्रशासन के स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मास्क अभी भी सबसे जरूरी है। करीब साढ़े महीने तक कोरोना संक्रमण की मार झेल 90 से ज्यादा लोगों की जान गंवाने के बाद शुक्रवार को खुशी का दिन आया, जब चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट में अलवर जिले में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा वापस शून्य पर आ टिका। हालांकि पिछले कुछ दिनों से जिले में...

अलवर के लिए खुशखबर...बाला किला परिसर में पर्यटकों को दिखा बाघ एसटी-18

Image
अलवर. अलवरवासियों के लिए खुशखबर। शहर के समीपवर्ती बाला किला परिसर में अलवर के पर्यटकों को शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे बाघ एसटी-18 झाडिय़ों के पीछे बैठे दिखा। पर्यटकों ने बाघ के फोटो भी कैमरे में उतारे। उधर, बाला किला परिसर में सरिस्का प्रशासन की ओर से पैदल व दो पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं, ऐसे में पैदल जाने वाले एवं दो पहिया वाहन चालकों को बाघ से खतरा हो सकता है। सरिस्का बाघ परियोजना के अलवर बफर रेंज में साल की शुरुआत में बाला किला परिसर में बाघ एसटी-18 के पगमार्ग मिलने के बाद शुक्रवार को पर्यटकों को बाला किला परिसर में बारुद गोदाम (किलेदार की हवेली ) के पीछे झाडिय़ों में बाघ के दर्शन भी हो गए। अलवर बफर रेंज में सफारी पर गए अलवर के पर्यटक एआरजी निवासी अपूर्व जैन एवं शोभिका खुराना को शाम करीब 5.30 बजे बारुद गोदाम के पीछे नहर वाले रास्ते में झाडिय़ों में बाघ बैठा दिखाई दिया। यह क्षेत्र बाला किला तिराहे से करीब 100 मीटर दूरी है। बाघ को देख पर्यटक रोमांचित हुए। सुबह से ही बाघ दिखने की थी उम्मीद लंबे समय से अलवर बफर जोन व बाला क्षेत्र में घूम रहे बाघ द...

सांसद कोष की राशि रुकने से थमी विकास की रफ्तार

Image
अलवर. प्रदेश सहित अलवर जिले में कोरोना संक्रमण का भय कम हुआ, फिर भी विकास की योजनाओं को अभी पटरी पर लौटने का इंतजार है। कोरोना के चलते अकेले सांसद कोष रुकने से जिले में विकास कार्यों को 18 करोड़ से ज्यादा राशि नहीं मिल पाई है। कोरोना के चलते सरकार ने विकास की विभिन्न योजनाओं में राशि आवंटन पर रोक लगा दी। सांसद कोष भी सरकार की इस रोक से अछूता नहीं रह सका। इस कारण सांसद कोष की गत दो साल की पांच-पांच करोड़ की राशि रुक गई, वहीं वर्ष 2019-20 में भी सांसद कोटे की पहली किस्त ढाई करोड़ रुपए ही मिल पाए। विकास कार्यों के लिए राशि की दरकार जिले के सांसदों को अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्य कराने हैं, लेकिन उनके सांसद कोष में राशि का अभाव है। इस कारण सांसद क्षेत्र में विकास कार्यों की अभिशंसा नहीं कर पा रहे हैं। हालात यह है कि अलवर सांसद महंत बालकनाथ योगी के वर्ष 2019-20 वित्तीय वर्ष के सांसद कोष की पहली किस्त 2.50 करोड़ राशि के विकास कार्यों की अभिशंसा पहले ही की जा चुकी है। वहीं कोरोना के चलते दूसरी किस्त की 2.50 करोड़ की राशि नहीं मिल पाई। वहीं वर्ष 2020 व 2021 में भी सांसद कोष की पां...

पपला गुर्जर को बहरोड़ जेल भेजा, पुलिस अधिकारियों से कराएंगे शिनाख्त, कल फिर होगी कोर्ट में पेशी

Image
अलवर. Papla Gujjar Sent Behror Jail: कुख्यात अपराधी पपला गुर्जर ( Papla Gujjar News ) को शुक्रवार सुबह 10 बजे बहरोड़ कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय ने पपला गुर्जर को पुलिस व न्यायिक अभिरक्षा में बहरोड़ जेल भेज दिया है। सरकारी वकील जितेंद्र शर्मा ने बताया कि पपला गुर्जर को शनिवार को फिर से बहरोड़ कोर्ट में पेश किया जाएगा। पपला गुर्जर की शिनाख्त परेड करवाई जाएगी। जब पपला को 6 सितम्बर को गिरफ्तार किया गया था, तब के आइ विटनेस पुलिस अधिकारियों से इसकी शिनाख्त करवाई जाएगी। शिनाख्त पूरी होने के बाद जांच शुरू होगी। कल कोर्ट की ओर से से पपला के अभिरक्षा की अवधि दी जाएगी। पूछताछ में जो जानकारी मिलेगी, उसके आधार पर फिर से जांच की जाएगी। वहीं पपला की महिला मित्र जिया को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उसे नीमराणा थाने में रखा गया है। कड़ी सुरक्षा में लाए बहरोड़ कोर्ट मोस्ट वांटेड कुख्यात बदमाश पपला गुर्जर को राजस्थान पुलिस ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार देर रात उसे नीमराणा थाने लाया गया। जहां उसे कड़ी सुरक्षा में रखा गया। नीमराणा थाने के बाहर भी भारी पुलिस बल तै...

पपला गुर्जर को कड़ी सुरक्षा के बीच बहरोड़ कोर्ट में पेश किया गया, भारी पुलिस बल तैनात रहा, कोरोना जांच भी हुई

Image
अलवर. मोस्ट वांटेड कुख्यात बदमाश पपला गुर्जर को राजस्थान पुलिस ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार देर रात उसे नीमराणा थाने लाया गया। जहां उसे कड़ी सुरक्षा में रखा गया। नीमराणा थाने के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जब तक पपला नीमराणा थाने में था, वहां किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। पपला गुर्जर से पहले गुरुवार रात उसकी महिला मित्र जिया को नीमराणा लाया गया। सुबह 10 बजे पर पपला को बहरोड़ कोर्ट लाया गया। उसे कोर्ट में पेश कर किया गया। कोर्ट में लाने से पहले पपला गुर्जर को बहरोड़ के सरकारी रैफरल अस्पताल लाया गया। जहां उसका मेडिकल कराया गया है। पपला गुर्जर की पहले कोरोना जांच कराइ गई। उसके एक्स-रे भी कराए गए हैं। पपला गुर्जर कोल्हापुर में पुलिस से बचने के लिए तीसरी मंजिल से कूद गया था और उसे चोट लगी थी। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के आलाधिकारी, जवान और भारी संख्या में क्यूआरटी तैनात की गई है। इसके आलावा आरएसी की तीन कंपनियां भी तैनात की गई है। नियमानुसार गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर मुल्जिम को कोर्ट में पेश किया जाता है। इसलि...

आयोजन के लिए अब अनुमति नहीं, सूचना व योजना देना जरूरी

Image
अलवर. कोरोना संक्रमण के चलते लम्बे समय से पाबंदियां झेल रहे लोगों के लिए अच्छी खबर। अब धार्मिक व सामाजिक व अन्य आयोजनों के लिए लोगों को प्रशासन से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन उन्हें आयोजन की पूर्व सूचना व उसकी योजना की जानकारी प्रशासन को देना अनिवार्य होगा। साथ ही राज्य सरकार की कोविड गाइडलाइन की पालना करने का अंडरटेकिंग देना भी जरूरी होगा। हालांकि राज्य सरकार की ओर से विभिन्न आयोजनों के लिए लोगों के एकत्र होने की तय की गई संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है। लंबे समय से कोरोना संक्रमण के चलते केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से लॉकडाउन व आयोजनों में लोगों की सीमित संख्या की पाबंदी लगाई गई। कोविड के चलते प्रशासन की ओर से लंबे समय से धारा 144 की पाबंदी भी रही। इस कारण लोगों के लिए आयोजन करने में मुश्किल हो रही थी। सरकार की ओर से पहले आयोजनों पर पूरी तरह पाबंदी तथा बाद में आंशिक छूट के साथ लोगोंं की संख्या निर्धारित कर दी। इसके अलावा किसी भी प्रकार के आयोजनों के लिए प्रशासन की अनुमति भी जरूरी की गई थी। संक्रमण कम हुआ तो पाबंदी में आई कमी अलवर सहित प्रदेशभर में अब कोरोना संक्रम...

प्रदेश के बाद जिले में भी कांग्रेस संगठन का बदलेगा स्वरूप

Image
अलवर. प्रदेश के बाद अब जल्द ही अलवर जिले के कांग्रेस संगठन का स्वरूप बदलेगा। कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी गठन के बाद जिलों में भी नए सिरे से जिला कार्यकारिणी गठन के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का पिछले दिनों गठन किया गया है। प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नया स्वरूप मिलने के बाद अब जिलों में कांग्रेस संगठन की सूरत बदलने की तैयारी है। अलवर जिले में कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है। जिले की नई कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष लेकर अन्य पदों पर नियुक्ति होने की संभावना है। कारण है कि अभी अलवर जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली हैं, लेकिन राज्य सरकार में श्रम राज्य मंत्री का दायित्व सौंपा हुआ है। श्रम राज्य मंत्री की व्यस्तता के कारण अलवर जिले में गत विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के दो कार्यकारी जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा व पूर्व विधायक राजेन्द्र गण्डूरा मनोनीत किए गए थे। इस कारण जिला कार्यकारिणी के साथ ही कांग्रेस के जिलाध्यक्ष का चयन भी नए सिरे से होना है। कार्यकर्ताओं को मिल सकेगी संगठन में जगह जिले में कांग्रेस की जिला...

सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से बचाने के लिए बनेगा भूमि बैंक

Image
अलवर जिले में सिवायचक, गोचर व माफी मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण की समस्या से निजात पाने के लिए जिला प्रशासन ने अब भूमि बैंक बनाएगा। इसमें सरकारी क्षेत्र की जमीनों को चिन्हित किया जाएगा। प्रशासन ने सरकारी जमीन को चिन्हित करने का कार्य शुरू किया है। ऐसी चिन्हित सरकारी जमीन का उपयोग नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने, स्कूल, कॉलेज एवं विकास के अन्य कार्यों में किया जा सकेगा। जिले में सबसे ज्यादा सरकारी जमीन की जरूरत नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के लिए है। वहीं राज्य सरकार ने नए औद्योगिक क्षेत्रों की बढती मांग के चलते अलवर जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की जरूरत बताई है। सरकार के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। प्रशासन की ओर से जिले में सरकारी जमीन चिन्हित करने का काम किया जा रहा है। अलवर जिले में औद्योगिक इकाई बहुतायत में अलवर जिले में छोटे-बड़े अनेक औद्योगिक क्षेत्र हैं, जिनमें 15 हजार से अधिक छोटी बडी औद्योगिक इकाई हैं। वहीं दिल्ली, गुडग़ांव, फरीदाबाद गाजियाबाद से औद्योगिक इकाइयां भिवाड़ी, नीमराना, एमआइए सहित अन्य औ...

Papla Gujjar: इस जांबाज टीम ने पपला गुर्जर को दबोचा, टीम को देखकर तीसरी मंजिल से कूदा था पपला, पढ़िए खबर

Image
अलवर. अलवर जिले के बहरोड़ थाने से फरार हुए कुख्यात और मोस्ट वांटेड अपराधी पपला गुर्जर को राजस्थान पुलिस की इस जाबांज टीम ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया है । राजस्थान पुलिस के डीजी एमएल लाठर ने प्रेस वार्ता में बताया कि है सात दिन पूर्व पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि पपला गुर्जर महाराष्ट्र के कोल्हापुर में छुपा हुआ है। तब पुलिस के दो दर्जन से ज्यादा अधिकारी पुलिसकर्मीऔर कमांडोज की दो टीमें कोल्हापुर के लिए रवाना की गई। वहां पपला गुर्जर के मकान के वीडियो बनाकर टीम को भेजे गए। इसके बाद पतला को पकड़ने की प्लानिंग शुरू हुई । पपला गुर्जर कोल्हापुर में जिया उद सहर नाम की महिला मित्र के साथ एक मकान में रह रहा था। पपला गुर्जर को राजस्थान पुलिस की टीम में 27 और 28 तारीख की रात को पकड़ा। करीब 1 घंटे चले ऑपरेशन से पूर्व पपला गुर्जर को पुलिस ने ललकारा तो पपला तीसरी मंजिल से कूद गया। फिर पुलिस ने पपला गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। ऊदल सिंह नाम से रह रहा था पपला पपला गुर्जर ने कोल्हापुर में अपना नाम उदल सिंह ने रखा हुआ था। इसनाम से आधार कार्ड भी बनवा लिया था। पपला गुर्जर को जयपुर लाय...

Papla Gurjar को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया, महिला मित्र के साथ रह रहा था, पढ़िए ऑपरेशन की पूरी खबर

Image
अलवर. Papla Gurjar Arrested From Kolhapur Maharashtra: बहरोड़ थाने पर ताबड़तोड़ फायरिंग करा फरार होने वाले अपराधी पपला गुर्जर को राजस्थान पुलिस ने आख़िरकार गिरफ्तार कर लिया। राजस्थान पुलिस के डीजी एमएल लाठर ने प्रेस वार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि पपला को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया है। डीजीपी लाठर ने बताया कि राजस्थान पुलिस पपला के पीछे लगी हुई थी। राजस्थान पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों में गई। अंत में सात दिन पूर्व राजस्थान पुलिस की दो टीमें महाराष्ट्र कोल्हापुर के लिए रवाना की गई। राजस्थान पुलिस के दो दर्जन से ज्यादा अधिकारी और पुलिसकर्मियों की टीम गई थी। फिर पपला को 27 और 28 तारीख को पकड़ा। पपला गुर्जर कोल्हापुर में उदलसिंह नाम रखा हुआ था। पपला ने इस नाम का आधार कार्ड भी बनवा लिया था। पपला गुर्जर कोल्हापुर में महिला मित्र से साथ रह रहा था। महिला का नाम जिया उद सहर बताया जा रहा है वह महिला जिम संचालित करती थी। पपला गुर्जर को एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में टीम ने गिरफ्तार किया। पपला की महिला मित्र को भी गिरफ्तार किया गया है। पपला की गिरफ्तारी में महार...

6 सितम्बर 2019: जब एके-47 की गोलियों से दहला था बहरोड़ थाना, पढ़िए पपला गुर्जर के फरार होने की पूरी कहानी

Image
अलवर. Papla Gurjar Case Full Story राजस्थान-हरियाणा के मोस्ट वांटेड अपराधी पपला गुर्जर ( Papla Gurjar Arrested ) को आख़िरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया।पुलिस ने विक्रम उर्फ पपला गुर्जर को 16 माह 22 दिन में गिरफ्तार कर लिया। पपला गुर्जर को कौन नहीं जानता होगा! वही पपला गुर्जर जिसने 6 सितम्बर 2019 के सुबह करीब 8 बजे बहरोड़ पुलिस स्टेशन पर एके-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग करवाकर फरार हो गया था। पपला गुर्जर को बहरोड़ पुलिस ने 5 सितम्बर की देर रात गिरफ्तार किया था, लेकिन 5 घंटे 30 मिनट बाद ही पपला के एक दर्जन साथी बहरोड़ थाने में दाखिल हुए और एके-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी इस फायरिंग से सहमकर छुप गए। कई पुलिसकर्मी टेबल के नीचे छिप गए, वहीं एसएचओ पिछले गेट से भाग खड़े हुए। बदमाशों ने फायरिंग कर लॉकअप का ताला तोडा और पपला गुर्जर को लेकर वहां से फरार हो गए। राजस्थान का मोस्ट वांटेड अपराधी पपला गुर्जर गिरफ्तार, बहरोड़ थाने पर हमला करवा हुआ था फरार बदमाशों ने कुल 80 राउंड फायर किए थे पपला गुर्जर को 5 सितम्बर रात साढ़े तीन बजे के करीब बहरोड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके पांच घंटे बाद तीन गाड़...

राजस्थान का मोस्ट वांटेड अपराधी पपला गुर्जर गिरफ्तार, बहरोड़ थाने पर हमला करवा हुआ था फरार

Image
अलवर. Papla Gurjar Arrested: राजस्थान-हरियाणा के हार्डकोर मोस्ट वांटेड अपराधी को राजस्थान पुलिस ने आख़िरकार गिरफ्तार कर लिया। अलवर जिले के बहरोड़ थाने पर 6 सितम्बर 2019 को एके-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो दर्जन से ज्यादा बदमाश पपला गुर्जर को छुड़वा कर फरार हो गए थे। उसके बाद से पपला गुर्जर फरार था। अब उसके 16 महीनों बाद पपला गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। सामने आया है कि कुछ टीमें पपला गुर्जर के पीछे थी। पपला गुर्जर से कुछ सामान और दस्तावेज बरामद हुए थे।जानकारी के अनुसार पपला गुर्जर को हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया है। हालाँकि इसकी आधिकारिक जानकारी शाम को प्रेस वार्ता में पुलिस देगी। पपला गुर्जर को जयपुर लाया जा रहा है। राजस्थान एसओजी/एटीएस व भिवाड़ी पुलिस अब तक पपला के गिरोह के 35 बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें कई 50 हजार के इनामी बदमाश हैं।शाम को राजस्थान पुलिस के महानिदेशक एमएस लाठर इस पूरे मामले की जानकारी देंगे। पपला गुर्जर केस के मुख्य बिंदु पांच सितम्बर को बहरोड़ पुलिस ने पपला गुर्जर को गिरफ्तार किया था। अगले दिन पपला के साथी उसे छुड़ा कर ले गए थे। - पपला गुर्जर ...

बड़ी खुशखबरी: मार्च में शुरू होगा उत्तर भारत का सबसे बड़ा मेडिकल कॉलेज, 900 करोड़ की लागत से बना, विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी

Image
अलवर. बरसों के लम्बे इंतजार के बाद अलवर में 330 बेड का इएसआइसी अस्पताल इस साल मार्च से शुरू होने जा रहा है। जिसमें आमजन के लिए इलाज पूरी तरह से मुफ्त होगा। वहीं, इस सत्र जुलाई से यहां 100 सीट का मेडिकल कॉलेज भी शुरू होने की पूरी उम्मीद है। अलवर इएसआइसी मेडिकल कॉलेज को शुरू करने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए इएसआइसी मेडिकल कॉलेज फरीदाबाद की टीम डीन डॉ. असीम दास के नेतृत्व में यहां पहुंची। टीम ने मंगलवार और बुधवार को एमआइए स्थित अलवर इएसआइसी मेडिकल कॉलेज का दौरा कर बिल्डिंग, उपकरण, एक्स-रे लैब, ब्लड बैंक व ऑपरेशन थियेटर आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम में इएसआइसी मेडिकल कॉलेज फरीदाबाद के डिप्टी डीन डॉ. अनिल कुमार पांडे, डॉ. जसवंत और डॉ. जफर अब्बास तथा अलवर इएसआइसी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक तिवाड़ी और उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महावीर सैनी भी शामिल रहे। करीब 900 करोड़ की लागत से बना है भवन अलवर के एमआइए स्थित इएसआइसी मेडिकल कॉलेज का विशालकाय भवन करीब 900 करोड़ रुपए की लागत से बना है। करीब चार साल से यह भवन बंद पड़ा हुआ था। लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव सभी ...

अलवर: व्यक्ति ने दूसरी शादी की, ससुराल वालों ने पहली पत्नी को कार से टक्कर दी और मार डाला

Image
अलवर. अरावली विहार थाना पुलिस ने महिला की कार से टक्कर मारकर हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो जनों को गिरफ्तार किया है। जबकि हत्याकांड में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। जिसकी तलाश जारी है। इस हत्याकांड को मृतका के पति की पहली पत्नी के घरवालों ने अंजाम दिया था। जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि सामोला चौक के समीप स्थित मंगलम रेजीडेंसी में किराए पर रहने वाले सकमीना पत्नी आबिद 8 जनवरी की शाम करीब 5 बजे दूध लेने जा रही थी। रेजीडेंसी सामने सडक़ पार करते समय तेज रफ्तार से आई कार ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में सकमीना की मौत हो गई। घटना के सम्बन्ध में मृतका के भाई शौकत खां पुत्र बुक्चा खां ने मृतका सकमीना के पति आबिद और उसके घरवालों तथा आबिद की पहली पत्नी के घरवालों के खिलाफ रंजिशवश टक्कर मारकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया। मामले में पुलिस ने गहनता से अनुसंधान कर मामले का खुलासा करते हुए कार से टक्कर मारकर सकमीना की हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी आबिद की पहली पत्नी मनीषा के पिता ताहिर खां उर्फ ताहिर मोहम्मद (48) पुत्र सुमेर खां और भाई रोबिन (20) पुत्र ताहिर खा...

गणतंत्र दिवस: जेल में अपराधी को ही बना दिया अतिथि, माला पहनकर स्वागत भी किया

Image
अलवर. सेंट्रल जेल अलवर में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में चौंकाने वाली बात सामने आई है। जेल प्रशासन ने कार्यक्रम में ऐसे युवक को ही अतिथि बना दिया। जिसके खिलाफ संगीन धाराओं में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज है और वह कई बार जेल भी जा चुका है। अलवर सेंट्रल जेल में बुधवार सुबह गणतंत्र दिवस पर झंडारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जेल अधीक्षक संजय यादव ने झंडारोहण किया। इस कार्यक्रम अन्य कई लोगों को भी अतिथि बनाया गया। मंच पर बैठे अतिथियों में शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के खुदनपुरी निवासी युवक नीलेश उर्फ वीरू खुदनपुरी भी शामिल था। जिसके खिलाफ एनईबी पुलिस थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट व धमकी देकर वसूली सहित कई संगीन धाराओं में एनईबी, शिवाजी पार्क और सदर थाने में पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। जेल में आयोजित इस पूरे कार्यक्रम के दौरान युवक वीरू खुदनपुरी मंच पर जेल अधीक्षक संजय यादव के बगल में बैठा रहा। कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक ने उसका बाकायदा माला पहनाकर स्वागत भी किया। फोटो फेसबुक पर डाले युवक वीरू खुदनपुरी ने जेल में आयोजित इस कार्यक्रम के कई फोटो अपने फेसबुक अकाउंट...

अलवर: तस्करी के लिए ले जा रहे थे गोवंश, पिकअप पलटी, तस्कर की मौके पर ही मौत

Image
अलवर. अलवर जिले के भिवाड़ी के चौपानकी थानांतर्गत गोवंश से भरी पिकअप पलट जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चौपानकी थानाधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि गोवंश से भरी एक पिकअप पलट गई तथा उसका चालक नीचे दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप के नीचे दबे मुबीन पुत्र इस्माइल मेव निवासी डालावास थाना शेखपुर अहीर को निकाला। चालक की मौके पर ही मौत होने पर पुलिस ने शव को भिवाड़ी सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया। बुधवार सुबह पुलिस ने शव का पंच नामा किया। सीएचसी पर पोस्टमार्टम करा पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पिकअप में रस्से से बंधे पांच गोवंश में दो गाय व तीन बैलों को मुक्त कराया। इनमें एक गाय की भी हादसे में मौत हो गई। चार गोवंश को बाबा मोहनराम गोशाला में भेजा गया तथा मृत गाय को दफनाया गया। पुलिस ने पिकअप जब्त कर मामला दर्ज किया है। source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-cow-smuggler-dies-while-smuggling-cattles-6655185/

बजट से आस: उद्योगपतियों ने मांग, कोरोना की मार से परेशान, जीएसटी कम करे सरकार

Image
अलवर. केन्द्र व राज्य सरकार का बजट को लेकर पत्रिका सभी वर्गो की अपेक्षाएं व उनकी राय जानने के लिए उनके बीच जा रहा है। इस कड़ी में पत्रिका टीम ने उद्योगपतियों से चर्चा की तो यह बात सामने आई। कोरोना की मार से परेशान- कोरोना की मार से एमएसएमई उद्योग अभी नहीं उभर पाए अभी तक जो राहत पैकेज दिए हैं उन पैकेजों से उद्योग नहीं बढ़ पाए हैं अत: मध्यम, कुटीर, लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को उठाने एवं उन्हें बचाने के लिए केंद्र सरकार अपने बजट में विशेष पैकेज की देने का कार्य करें जिससे पुराने उद्योग को को पुनर्जीवित किया जा सके तथा नए निवेशकों का आगमन हो सके। साथ ही नीमराना में श्रमिकों के लिए 100 बैड का अस्पताल खोला जाए एवं अलवर में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का शुभारम्भ हो। -कृष्ण गोपाल कौशिक, महासचिव, नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन प्राकृतिक गैस की दरों में काफी वृद्धि हो चुकी है अब उन दरों में कमी की जाए ताकि उद्योगों को उत्पादन लागत कम आए और बाजारों में कम कीमत पर उत्पादन प्राप्त हो। साथ ही विदेशों से आने वाली मशीनों एवं कच्चे माल को बंदरगाहों पर दस्तावेज निरीक्षण एवं जांच केिि लए लंबे समय तक रोक लिया ...

अलवर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने से जिन्दा जल गया था युवक, फिर भी सबक नहीं ले रहे लोग, जिम्मेदार मौन

Image
अलवर. रेलवे जंक्शन पर रेलवे टैंकर पर चढ़ते समय एक युवक की बिजली के करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना ने अलवर को हिला कर रख दिया।युवक के बम का गोला बनने की घटना को एक सप्ताह भी पूरा नहीं हुआ था लेकिन इससे जिम्मेवार लोगों की नींद अभी तक नहीं खुली है। यहां जिम्मेवार लोग बेपरवाह हैं जिससे दुर्घटनाएं और हो सकती हैं।अलवर जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर 3 की तरफ से चढऩे वाले फुट ओवरब्रिज पर बैरिकेडिंग होने से यात्री इस तरह फुट ओवरब्रिज से जंक्शन तक जाते हैं और जंक्शन से बाहर निकलते है। अलवर जंक्शन पर इतने बड़े हादसे के बावजूद भी रेलवे प्रशासन नहीं जाग रहा। यात्री अब भी माल गाड़ी के ऊपर से कूद कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।यहां समीप की बस्ती के लोग प्लेट फार्म से पानी भर इस तरह मालगाड़ी के ऊपर से कूद कर अपनी जान जोखिम में डाल पानी भर कर ले जाते हैं। source https://www.patrika.com/alwar-news/people-climbing-on-goods-train-at-alwar-railway-junction-6653644/

देश ने धूमधाम से मनाया 72वां गणतंत्र दिवस, लेकिन कई साल बाद भी अपने हक को तरस रहे शहीद परिवार

Image
अलवर. देश ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया । चारों तरफ देशभक्ति का जज्बा और संविधान के प्रति आस्था का माहौल रहा। देश की खातिर प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद परिवारों का सम्मान भी होगा, लेकिन इनमें कई शहीद परिवार ऐसे भी हैं, जो अपने हक के लिए बरसों से तरस रहे हैं। सरकारी तंत्र की खामियों के चलते उन्हें अब तक सरकार की ओर से निर्धारित पैकेज और अनुकम्पा नियुक्ति नहीं मिल पाई हैं। अलवर जिले में दो शहीद सैनिक आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से अब तक अनुकम्पा नियुक्ति नहीं दी गई है। इनमें से एक प्रकरण जिला कलक्टर कार्यालय अलवर और दूसरा खनिज अभियंता, खान एवं भू विज्ञान विभाग अलवर में लम्बित चल रहा है। इसी प्रकार शहीद आश्रित एवं गैलेंट्री अवार्ड धारकों को कृषि भूमि आवंटन के दो प्रकरण लम्बित हैं। दो शहीद आश्रितों को कृषि भूमि आवंटन के प्रकरण जिला कलक्टर कार्यालय अलवर और उपनिवेशन विभाग बीकानेर में बरसों से अटका हुआ है। वहीं, सात गैलेंट्री अवार्ड धारकों को कृषि भूमि का आवंटन नहीं हो पाया है। इन सभी के प्रकरण जिला कलक्टर कार्यालय में लम्बित हैं। शहीदों के नाम विद्यालय नामकरण तक नहीं कई शहीद सैनिक...

अलवर में अब तेजी से सिमट रहा कोरोना संक्रमण, 26 जनवरी को मात्र दो पॉजिटिव मिले, जानिए एक्टिव केस की संख्या

Image
अलवर. जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण अब तेजी से सिमट रहा है। नवम्बर माह में अलवर जिले में सबसे अधिक पांच हजार कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए। वहीं, जनवरी माह में गत 25 दिनों में मात्र 306 लोग कोरोना के शिकार हुए हैं। यदि जिला प्रशासन के प्रयास और आमजन की सावचेती यूं ही बरकरार रही तो जल्द ही अलवर कोरोना फ्री हो सकेगा। जिले में 30 नवम्बर 2020 तक कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 19 हजार 727 था। इसके बाद से कोरोना संक्रमण लगातार तेजी से घट रहा है। दिसम्बर माह में 1715 लोग कोरोना से संक्रमित हुए और मरीजों का आंकड़ा 21 हजार 442 पर पहुंच गया। जनवरी माह में गत 25 दिनों में मात्र 306 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। जिले में अब तक 21 हजार 748 लोग कोरोना के संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। जिले में कोरोना के 2 नए मरीज सामने आए अलवर. जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण थम रहा है। मंगलवार को जिले में कोरोना के दो मरीज सामने आए। इससे पूर्व सोमवार को अलवर जिले में 21 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छबील कुमार ने बताया कि सोमवार को अलवर शहर में 7, बहरोड़ में ...

पूर्व मंत्री पुत्र मोहित यादव पर हमले के मामले में पुलिस के हाथ खाली, अब मामले की जांच सीआइडी सीबी करेगी

Image
अलवर /बहरोड़. बर्डोद के समीप रविवार को पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव पर हुए हमले के मामले में पुलिस अभी तक पुलिस के खाली हाथ है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस हमलावरों को नहीं पकड़ पाई है। मामले की जांच सीआईडी सीबी करेगी। जिसके लिए जल्द ही अधिकारी यहां आकर मामले में जांच करेंगे। डीएसपी देशराज ने बताया कि रविवार को मामला दर्ज करने के बाद से ही पुलिस टीमें बदमाशों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। संदिग्धों से हो रही है पूछताछ पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों की पहचान करने व मामले में पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले रखा है। जिनके बारे में पुलिस अधिकारी कह रहे है कि अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रयास जारी है। टीमें भेजी हुई हैं। मामले में पूछताछ चल रही है। 29 को काली पट्टी के साथ मौन जुलूस पूर्व मंत्री डॉ.जसवंत यादव ने मोहित यादव पर हमले के लिए विधायक बलजीत पर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर 29 को बहरोड़ कस्बे के मुख्य मार्ग से...

शाहजहांपुर बॉर्डर से किसान परेड रवाना, पांच हजार वाहनों में 15 हजाए से ज्यादा किसानों ने किया कूच

Image
अलवर. राजस्थान के अलवर जिले के शाहजहांपुर बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर परेड रवाना हो गई है। हरियाणा पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाइवे से बैरिकेटिंग हटा दी है। शाहजहांपुर बॉर्डर से पांच हजार वाहनों में 15 हजार से ज्यादा किसान रवाना हुए हैं। जिनमें से 2 हजार ट्रैक्टर और तीन हजार के करीब कार, जीप और पिकअप शामिल हैं। इस परेड को हरियाणा के मानेसर तक जाने की अनुमति मिली है। इस ट्रैक्टर परेड में ट्रैक्टर से ज्यादा कार और जीप की संख्या है। एक ट्रैक्टर पर तीन किसानों के सवार होने की अनुमति थी, लेकिन एक ट्रैक्टर पर 4-5 लोग बैठे नजर आए। हरियाणा पुलिस ने किसी भी ट्रैक्टर को रोका नहीं है। यह ट्रैक्टर परेड शाहजहांपुर बॉर्डर से 65 किलोमीटर दूर मानेसर तक जाएगी, वहां राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी देकर वापस महापड़ाव स्थल पहुंचेगी। 8 हजार से ज्यादा किसान परेड में शामिल हुए किसान परेड में विभिन्न राज्यों के आठ हजार से ज्यादा किसान शामिल हुए हैं। इस परेड के रूट पर हरियाणा पुलिस के 5 हजार जवान तैनात किए गए हैं। किसानों ने ट्रैक्टर पर तिरंगा झंडा लगाया हुआ है। किसी भी राजनीतिक पार्टी को इस ट्रैक्टर परेड से दू...

शाहजहांपुर ट्रैक्टर परेड: बॉर्डर से रवाना होकर हरियाणा के मानेसर में राष्ट्रीय ध्वज को करेंगे सैल्यूट, जानिए पूरा रूट

Image
अलवर. कृषि कानूनों के विरोध में किसानों द्वारा गुरुवार को ट्रैक्टर परेड निकली जाएगी। गणतंत्र परेड ट्रैक्टरों से निकालने की घोषित योजनान्तर्गत संयुक्त मोर्चा के किसानो की अगुवाई मे सबसे प्रथम पंक्ति में आंदोलन में शहीद हुए किसानों की बेदी के साथ 15 सौ ट्रेक्टरों के दल में प्रत्येक ट्रैक्टर पर तीन किसानों की मिली अनुमति के अनुसार एचएच 48 से होकर रवाना होने का कार्यक्रम तय किया गया है। परेड़ में शामिल होने वाले पूर्व विधायक कामरेड अमराराम जाट ने बताया कि बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर परेड रवाना होकर हरियाणा के मानेसर स्थित इंजिनियरिंग कॉलेज के सामने प्रशासन की ओर से फहराये गये राष्ट्रीय ध्वज को सेल्यूट करते हुए प्रशासन द्वारा निर्धारित डिवाइडर मार्ग से ट्रेक्टरों की एतिहासिक रैली दिल्ली के लिए कूच करती हुए वापस इसी मार्ग से होकर महापडाव स्थल पर पहुंचेगी। आरएलपी भी किसान ट्रैक्टर परेड में लेगी भाग आरएलपी संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता भी किसान गणतंत्र परेड मे भाग लेगें। बेनीवाल ने सोशियल मीडिया के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को आज किसानों द्वारा गण...

शाहजहांपुर ट्रैक्टर परेड लाइव: 1500 ट्रैक्टर 11 बजे दिल्ली के लिए करेंगे कूच, 21 राज्यों की झांकियां भी होंगी

Image
अलवर. तीनों कृषि कानून रद्द नहीं करने के विरोध में गणतंत्र दिवस पर शाहजहांपुर बॉर्डर पर डटे किसान दिल्ली के अंदर 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड़ निकालेगा। इसकी दिल्ली पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा को अनुमति दे दी है। ट्रैक्टर परेड़ में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में किसान गांव-गांव से ट्रैक्टर लेकर तिरंगा झंडा के साथ शाहजहांपुर बॉर्डर पहुंच गए है। मंगलवार सुबह 9 बजे शाहजहांपुर बॉर्डर से प्रशासन व मोर्चा की ओर से तय हुए निर्धारित रूट से होकर किसान रवाना होंगे। पूर्व विधायक पवन दुग्गल ने बताया कि देशभर के 21 राज्यों की ट्रैक्टर-ट्रोलियों में सजी झांकियों के साथ 15 सौ ट्रैक्टर शाहजहांपुर बॉर्डर से गणतंत्र दिवस की परेड़ में शामिल होंगे। इन राज्यों की सजी झांकियां गणतंत्र परेड़ मे शामिल होने वाली 25 राज्यों की झांकियों के लिए प्रशासन द्वारा अनुमति प्राप्त हुई। परन्तु संयुक्त मोर्चा की ओर से महा पड़ाव स्थल पर मौजूद विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ 21 राज्यों की झांकियां ट्रोलियों में सजाई गई हैं। राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, कर्नाटक, उडीसा, तमिलनाडू, आंध्र प्रदेश, त्...

गणतंत्र दिवस आज: इंदिरा गाँधी स्टेडियम में सवा 9 बजे होगा झंडारोहण, इस बार किए कई बदलाव

Image
अलवर. गणतंत्र दिवस समारोह जिले भर में मंगलवार को मनाया जा रहा है । इस अवसर पर हर गांव और ढाणी में कार्यक्रम होंगे। पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह स्कूल में बच्चों की उपस्थिति में नहीं होगा। कोरोना के चलते विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी नहीं किया जाएगा। स्थानीय इन्दिरा गांधी स्टेडियम पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि श्रम राज्य मंत्राी टीकाराम जूली ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में प्रात: 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। मुख्य अतिथि की ओर से परेड निरीक्षण, पथ संचरण व सलामी ली जावेगी तथा समारोह में महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन, स्वतंत्राता सेनानियों तथा युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की वीरांगनाओं का सम्मान किया जाएगा। वहीं पुलिस बैंड एवं सेना बैंड का प्रदर्शन एवं विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण पालन करते हुए सभी को मास्क लगाना अनिवार्य है। कार्यक्रमानुसार इसी दिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे के मध्य इंदिरा गांधी स्टेडियम में विभिन्न मैत्री मैच आयोजित किए जाएंग...