सांसद कोष की राशि रुकने से थमी विकास की रफ्तार
अलवर. प्रदेश सहित अलवर जिले में कोरोना संक्रमण का भय कम हुआ, फिर भी विकास की योजनाओं को अभी पटरी पर लौटने का इंतजार है। कोरोना के चलते अकेले सांसद कोष रुकने से जिले में विकास कार्यों को 18 करोड़ से ज्यादा राशि नहीं मिल पाई है।
कोरोना के चलते सरकार ने विकास की विभिन्न योजनाओं में राशि आवंटन पर रोक लगा दी। सांसद कोष भी सरकार की इस रोक से अछूता नहीं रह सका। इस कारण सांसद कोष की गत दो साल की पांच-पांच करोड़ की राशि रुक गई, वहीं वर्ष 2019-20 में भी सांसद कोटे की पहली किस्त ढाई करोड़ रुपए ही मिल पाए।
विकास कार्यों के लिए राशि की दरकार
जिले के सांसदों को अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्य कराने हैं, लेकिन उनके सांसद कोष में राशि का अभाव है। इस कारण सांसद क्षेत्र में विकास कार्यों की अभिशंसा नहीं कर पा रहे हैं। हालात यह है कि अलवर सांसद महंत बालकनाथ योगी के वर्ष 2019-20 वित्तीय वर्ष के सांसद कोष की पहली किस्त 2.50 करोड़ राशि के विकास कार्यों की अभिशंसा पहले ही की जा चुकी है। वहीं कोरोना के चलते दूसरी किस्त की 2.50 करोड़ की राशि नहीं मिल पाई। वहीं वर्ष 2020 व 2021 में भी सांसद कोष की पांच-पांच करोड़ की राशि नहीं मिली। इस कारण अलवर सांसद के कोष में वर्तमान में राशि नहीं है। कुछ ऐसी हालत जिले के अन्य सांसदों की भी है।
राशि नहीं रुकती तो होते 18 करोड़ से ज्यादा के कार्य
कोरोना के चलते सांसद कोष की राशि नहीं रुकती तो जिले में 18 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य होते। इसमें अलवर संसदीय क्षेत्र के 8 विधानसभा क्षेत्रों में 12.50 करोड़ की राशि नहीं मिल पाई। वहीं अलवर जिले के अन्य सांसद जयपुर ग्रामीण, दौसा व भरतपुर की ओर से भी अपने निर्वाचन क्षेत्र बानसूर, थानागाजी व कठूमर में विकास कार्यों को राशि नहीं दी जा सकी। इन सांसदों की ओर से भी हर साल अलवर जिले के अपने निर्वाचन क्षेत्रों में करीब एक-एक करोड़ की राशि दी जाती रही है।
सडक़, स्कूल व श्मसान के रुके कार्य
सांसद कोष की राशि का अधिकतर उपयोग सीसी सडक़, हैण्डपम्प, बोरिंग, स्कूल, स्वास्थ्य भवन, श्मसान व कब्रिस्तान स्थलों के विकास के लिए किया जाता है। सांसद कोष की राशि नहीं मिल पाने से इन विकास कार्यों पर प्रभाव पड़ा है।
कोरोना का प्रभाव सभी क्षेत्रों में पड़ा
कोरोना के चलते सांसद कोष की दो साल की राशि रुकी है। कोरोना का प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य, आर्थिक व विकास के साथ सभी क्षेत्रों में पड़ा है। सभी को मिलकर इस महामारी का सामना करना है।
महंत बालकनाथ योगी
सांसद अलवर
source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-letest-news-6658494/
Comments
Post a Comment