प्रशासन गांवों के संग अभियान: आवभगत में बीत गए पांच दिन, राहत नहीं दिला सके 5 विभाग भी

अलवर. राज्य सरकार के बहुप्रतीक्षित अभियान प्रशासन के गांवों के संग का जिले में आगाज तो हुआ, लेकिन बीते पांच दिन जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की आवभगत में ही बीत गए, यही कारण रहा कि शिविरों में 22 विभागों की भागीदारी होने के बाद भी पांच दिनों में ग्रामीणों को पांच विभाग भी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं दिला पाए। ज्यादातर विभागों की रिपोर्ट में 16 में से एक चौथाई ब्लॉकों की प्रगति पूरी तरह संतोषजनक नहीं रह पाई है। वैसे तो अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनकी जमीन के ज्यादा से ज्यादा पट्टा देना है, लेकिन एक पंचायत समिति अभी तक एक भी पट्टा नहीं दे पाई हैं।

अलवर जिले में प्रशासन गांवों के संग अभियान का आगाज 9 नवम्बर को हुआ, इसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग, कृषि विभाग, जन जातीय क्षेत्रीय विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, आयोजना विभाग, पशुपालन विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सहकारिता विभाग, राजस्थान को- ऑपरेटिव डेयरी विभाग, वन विभाग, परिवहन विभाग, जल संसाधन एवं सिंचित क्षेत्र विकास विभाग एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को भागीदारी निभा लोगों को राहत पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है।

उमरैण ब्लॉक में एक भी आवासीय पट्टा नहीं दिया

प्रशासन गांवों संग अभियान का मुख्य उद्देश्य आवासीय पट्टा देना है, लेकिन इस कार्य में ज्यादातर विभाग अभी तक फेल रहे हैं। केवल राजगढ़ में 337, कठूमर में 176 व रैणी में 174 पट्टा वितरण होने पर उनका कार्य संतोषजनक रहा है। शेष लक्ष्मणगढ़ में 155, थानागाजी में 114, तिजारा में 106, रामगढ़ में 94, कोटकासिम में 82, किशनगढ़बास में 79, मुण्डावर में 79, नीमराणा में 72, बानसूर में 69, गोविंदगढ़ में 40, मालाखेड़ा में 9, बहरोड़ में 8 तथा उमरैण में अभी तक एक भी पट्टा वितरण नहीं होने से फेल रहे हैं। जिले में अभी तक 1594 आवासीय पट्टों का वितरण किया जा सका है।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में तीन ब्लॉक ही पास

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की प्रधानमंत्री आवास योजना के द्वितीय व तृतीय किश्तों के भुगतान के लाभार्थियों की योजना में केवल तिजारा, थानागाजी व रैणी ब्लॉक में संतोषजनक कार्य रहा, जबकि जिले के शेष ब्लॉक फेल रहे। वहीं नवीन जॉब कार्ड जारी करने में रैणी, बानसूर व कठूमर पास रहे, वहीं शेष ब्लॉकों का काम संतोषजनक नहीं रहा।

ज्यादातर विभागों के कामकाज में ब्लॉक रहे फिसड्डी

जन अभियांत्रिकी विभाग की हैंडपम्प मरम्मत योजना में कठूमर, थानागाजी व राजगढ़ ब्लॉक पास तथा शेष फेल रहे। पानी की गुणवत्ता जांच में कठूमर, थानागाजी व किशनगढ़बास पास तथा शेष ब्लॉक फेल रहे। कृषि विभाग की मृदा नमूना संग्रहण में रैणी, कठूमर व थानागाजी पास व शेष फेल, वितरित मृदा स्वास्थ्य कार्ड में किशनगढ़बास, तिजारा, थानागाजी व रैणी पास तथा शेष ब्लॉक फेल रहे। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की वनाधिकार अधिनियम के तहत व्यक्तिगत आवेदन योजना में केवल रैणी ब्लॉक पास तथा शेष ब्लॉक फेल रहे। वहीं वनाधिकार अधिनियम के तहत सामुदायिक आवेदन में रैणी ब्लॉक पास तथा शेष फेल रहे हैं। ऊर्जा विभाग की विद्युत सप्लाई में व्यवधान प्रकरणों के निस्तारण में रैणी, मुण्डावर व थानागाजी पास व शेष ब्लॉक फेल, वीसीआर असेसमेंट कमेटी व समझौता समिति के निर्णयों को लागू करने में रैणी, राजगढ़ व किशनगढ़बास पास तथा शेष ब्लॉक फेल रहे।

साथिन के चयन में चार ब्लॉक पास, शेष हुए फेल

महिला बाल विकास विभाग की साथिन के रिक्त पदों पर चयन में मालाखेड़ा, मुण्डावर, उमरैण व किशनगढ़बास ब्लॉक ही पास हो सके, शेष ब्लॉकों की प्रगति उत्र्तीण होने लायक नहीं रही। वहीं निशुल्क आरएस, सीएफए व आरएस सीआईटी प्रशिक्षण में मालाखेड़ा, मुण्डावर व कठूमर ब्लॉक ही पास हुए, जबकि शेष ब्लॉकों की प्रगति कम रही। मुख्यमंत्री राजश्री योजना जागरूक व्यक्ति में मुण्डावर, कठूमर, थानागाजी पास तथा शेष ब्लॉक फेल रहे। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं योजना में मालाखेड़ा, कठूमर व मुण्डावर ब्लॉक ही पास हो पाए, शेष की प्रगति पास होने लायक नहीं रह पाई। सैनिक कल्याण विभाग की पूर्व सैनिकों, विधवाओं को पहचान पत्र जारी करने में बहरोड़, नीमराणा, मुण्डावर व किशनगढ़बास ही पास हो सके, शेष का परिणाम फेल की श्रेणी में रहा। पेंशन प्रकरण निस्तारण में रामगढ़, किशनगढ़बास व नीमराणा पास हो सके, शेष ब्लॉक फेल हुए। वहीं द्वितीय विश्व युद्ध पेंशन प्रकरण निस्तारण में उमरैण, मालाखेड़ा, तिजारा व नीमराणा ब्लॉक पास व शेष की प्रगति फेल रही।

आयुर्वेद में भी मात खा गए ज्यादातर ब्लॉक

आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग की उपचारित व्यक्तियों में रैणी, मुण्डावर व कठूमर ब्लॉक पास तथा शेष फेल रहे। वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग की शिविर में उपचारित व्यक्तियों की संख्या में राजगढ़, रैणी व मुण्डावर ब्लॉक पास हुए तथा शेष ब्लॉक की प्रगति कम रही। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की आधार सीडिंग किए गए व्यक्तियों में मुण्डावर, रामगढ़ व रैणी पास तथा शेष फेल रहे, वहीं आधार सीडिंग शुद्धिकरण में रैणी, मुण्डावर व किशनगढ़बास पास तथा शेष अनुर्तीण रहे। इसी प्रकार राशन सामग्री वितरण के भौतिक सत्यापन में रैणी, थानागाजी व राजगढ़ ब्लॉक ही पास हो पाए हैं। आयोजना विभाग की जन आधार संशोधन में रैणी, थानागाजी व मुण्डावर ही पास हो पाए। वहीं वितरित जन आधार कार्ड में रैणी, रामगढ़ व कोटकासिम की प्रगति ही संतोषजनक रह पाई। नवीन जन आधार नामांकन परिवार में मुण्डावर, रैणी व थानागाजी ही पास हो पाए। पशुपालन विभाग उपचारित पशुओं की संख्या में मुण्डावर, रैणी व तिजारा पास तथा शेष ब्लॉक फेल रहे। वहीं टीकाकरण में रैणी, कठूमर, राजगढ़ पास तथा शेष फेल रहे। कृमि नाशक दवा पिलाने में थानागाजी, बानसूर व तिजारा ब्लॉक पास रहे, दवा छिडक़ाव में राजगढ़, तिजारा व थानागाजी ब्लॉक ही पास रह सके।

श्रम व शिक्षा विभाग की योजनाओं में भी फिसड्डी

श्रम विभाग की श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने में भी तिजारा, थानागाजी व बहरोड़ ब्लॉक ही ठीक परिणाम दे सके। वहीं शिक्षा विभाग की छात्र- छात्राओं के छात्रवृति प्रकरणों के निस्तारण में थानागाजी, बानसूर, तिजारा ब्लॉक ही पास रहे। वहीं अंक तालिका में संशोधन में राजगढ़, तिजारा व थानागाजी ब्लॉक की प्रगति संतोषजनक रही। शेष ब्लॉक फिसड्डी रहे। सार्वजनिक निर्माण विभाग की क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत में रामगढ़, रैणी व तिजारा ब्लॉक अव्वल व शेष फिसड्डी रहे। वहीं सरकारी भवनों की मरम्मत में रैणी, कठूमर व मुण्डावर का कार्य ही ठीक रह सका। सहकारिता विभाग की पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के भौतिक सत्यापन में कठूमर, नीमराणा व किशनगढ़बास का परिणाम ठीक रहा, शेष फेल हुए। वहीं डिफॉल्टर ऋणियों की संख्या जिन्हें शिविर में ऋण उपलब्ध करवाने में तिजारा, मुण्डावर व लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक ही पास हो पाए। को-ऑपरेटिव डेयरी फैडरेशन विभाग की सदस्य जोडऩे में तिजारा, कोटकासिम व उमरैण तथा नए दुग्ध संकलन केन्द्र खोलने के आवेदन स्वीकृत करने में कठूमर, बानसूर व तिजारा ब्लॉक की प्रगति संतोषजनक रही।

जल संसाधन की योजना में सभी ब्लॉक फेल

जल संसाधन विभाग की अवैध नक्के बंद करने, पानी की चोरी प्रकरणों के निस्तारण एवं मोघों का दुरस्तीकरण में एक भी ब्लॉक की प्रगति संतोषजनक नहीं रही। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन योजना स्वीकृत करने में राजगढ़, तिजारा, किशनगढ़बास व कोटकासिम ही पास हो सके। वहीं मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना स्वीकृत करने में किशनगढ़बास, रैणी, कठूमर, तिजारा, रामगढ़ ब्लॉक की प्रगति संतोषजनक रही। विधवा पेंशन स्वीकृत करने में बहरोड़, नीमराणा, लक्ष्मणगढ़, बानसूर, राजगढ़, रैणी तथा निशक्तजन पेंशन योजना में बानसूर, मुण्डावर व राजगढ़ ब्लॉक ही पास रह सके। पालनहार योजना में मुण्डावर, रैणी, किशनगढ़बास, मुख्यमंत्री सुखद दाम्पत्य योजना प्रकरण स्वीकृत करने में राजगढ़, रैणी व उमरैण ब्लॉक ही पास हो सके।

कम प्रगति वाले ब्लॉकों को सख्त निर्देश दिए

प्रशासन गांवों के संग अभियान के शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं में अपेक्षित परिणाम नहीं देने वाले ब्लॉकों के अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। अपेक्षित प्रगति नहीं लाने पर कार्रवाई होगी।

नन्नूमल पहाडिय़ा

जिला कलक्टर अलवर



source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-letest-news-7173389/

Comments