कई जिलों की आबादी से ज्यादा अलवर में पंचायत चुनाव के मतदाता

अलवर. भले ही अलवर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव हो रहे हों, लेकिन इस चुनाव प्रक्रिया में शामिल मतदाताओं की संख्या प्रदेश के कई जिले की कुल आबादी और कई जिलों में लोकसभा चुनाव के कुल मतदाताओं से भी ज्यादा है। जिले की 16 पंचायत समितियों के 2870 मतदान केन्द्रों पर 49 जिला परिषद सदस्य एवं 352 पंचायत समिति सदस्य चुनने के लिए 20 लाख 55 हजार 757 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 10 लाख 92 हजार 12 पुरुष, 9 लाख 63 हजार 742 महिला व 3 अन्य मतदाता शामिल हैं।

प्रथम चरण में 6 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

जिला निर्वाचन अधिकारी नन्नूमल पहाडिय़ा ने बताया कि जिले में पंचायत चुनाव तीन चरणों में होने हैं। इनमें प्रथम चरण में पांच पंचायत समितियों में 16 जिला परिषद सदस्यों व 99 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 6 लाख 89 हजार 755 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 3 लाख 62 हजार 338 पुरुष व 3 लाख 27 हजार 417 महिला मतदाता 973 मतदान केन्द्रों पर वोट डालेंगे। प्रथम चरण में तिजारा, मुण्डावर, बहरोड़, कोटकासिम व नीमराणा में वोट डाले जाएंगे।

द्वितीय चरण में 7 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

द्वितीय चरण में छह पंचायत समितियों में 18 जिला परिषद सदस्यों व 120 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 7 लाख 25 हजार 268 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 3 लाख 89 हजार 229 पुरुष व 3 लाख 36 हजार 38 महिला मतदाता 1010 मतदान केन्द्रों पर वोट डालेंगे। प्रथम चरण में थानागाजी, रैणी, राजगढ़, कठूमर, लक्ष्मणगढ़ व गोविंदगढ़ में वोट डाले जाएंगे।

तृतीय चरण में 6 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

द्वितीय चरण में पांच पंचायत समितियों में 15 जिला परिषद सदस्यों व 133 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 6 लाख 40 हजार 734 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 3 लाख 40 हजार 445 पुरुष व 3 लाख 287 महिला मतदाता 887 मतदान केन्द्रों पर वोट डालेंगे। प्रथम चरण में उमरैण, मालाखेड़ा, रामगढ़, किशनगढ़बास व बानसूर में वोट डाले जाएंगे।

जिला परिषद वार्ड में एक से अधिक पंचायत समिति शामिल

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जिला परिषद के वार्ड नं. 19 में पंचायत समिति मालाखेड़ा व उमरैण, वार्ड नं.36 में लक्ष्मणगढ़ व गोविंदगढ़, वार्ड नं. 37 में रामगढ़, मालाखेड़ा व उमरैण, वार्ड नं. 40 में रामगढ़ व उमरैण तथा वार्ड नं. 41 में किशनगढ़बास व उमरैण पंचायत समिति शामिल हैं।

जिले में नवगठित नगर पालिकाएं

जिले में लक्ष्मणगढ़, रामगढ़ व बानसूर में नई नगर पालिकाएं गठित की गई हैं। इनमें नगर पालिका लक्ष्मणगढ़ में लक्ष्मणगढ़, मौजपुर व लीली ग्राम पंचायत, रामगढ़ में रामगढ़, दोहली, पिपरोली व खेड़ी ग्राम पंचायत, बानसूर में बानसूर व टोडिया का बास (लेकड़ी) ग्राम पंचायतें शामिल की गई हैं।

सरपंच के नहीं हुए चुनाव

जिले में हसनपुर, कफनवाड़ा, चिमरावली गौड़ (लक्ष्मणगढ़), लेकड़ी (बानसूर) में अभी सरपंच के चुनाव नहीं हो सके हैं। ये ग्राम पंचायतें नगर पालिका गठन से प्रभावित होने के कारण यहां अब तक सरपंच के चुनाव नहीं हो सके हैं।

20 अक्टूबर से मतदान प्रक्रिया शुरू

अलवर जिले में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्यों के लिए तीन चरणों में 20, 23 व 26 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि मतगणना 29 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर होगी। वहीं जिला प्रमुख व प्रधान के चुनाव 30 अक्टूबर तथा उप जिला प्रमुख व उप प्रधान के चुनाव 31 अक्टूबर को कराए जाएंगे।

तीनों चरणों के लिए अधिसूचना 4 अक्टूबर को होगी जारी

जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य चुनाव के तीनों चरणों के लिए अधिसूचना 4 अक्टूबर को जारी होगी। इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू होगी। जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन जिला मुख्यालय स्थित जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर होगी। नामांकन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। वहीं 7 अक्टूबर को राजकीय अवकाश के दिन भी नामांकन भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 9 अक्टूबर को होगी और नाम वापस 11 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।



source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-panchayat-electon-letest-news-7096363/

Comments

Popular posts from this blog

अलवर में 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर सात जनों ने बलात्कार किया, 10 दिनों में बलात्कार के आठ मामले सामने आए

राजस्थान पत्रिका की निःशुल्क भोजन योजना को बताया पूरे प्रदेश में अव्वल, कोरोना पीड़ित और जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे भोजन

कभी इनके नाम पर बजती थी तालियां, आज गुमनाम जिंदगी जी रहे कलाकार रिक्शा चलाने और कबाड़ी बनने को मजबूर हैं यह कलाकार