अस्पताल में ब्रेन ट्यूमर के ऑरेशन के लिए कराया था भर्ती, परिजनों का आरोप- शव से शरीर के अंग निकाले
अलवर. जयपुर के एक अस्पताल में ब्रेन ट्यूमर के ऑपरेशन के दौरान अलवर की एक महिला की मौत हो गई। मंगलवार को परिजनों ने महिला के पेट पर चीरा लगा देख शव से अंग निकालने का आरोप लगाते हुए जिला कलक्टर को शिकायत दी। इसके बाद महिला का अलवर सामान्य अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में प्रथम दृष्टया कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार शिवाजी पार्क निवासी निर्मल प्रकाश सूरा की पत्नी कमलेश (50) को सिर में दर्द रहता था। जिसकी एमआरआई कराने पर चिकित्सकों ने उसे ब्रेन ट्यूमर बताया और जयपुर में ऑपरेशन कराने की सलाह दी। इस पर निर्मल सूरा ने ब्रेन ट्यूमर के इलाज के लिए अपनी पत्नी को सोमवार सुबह जयपुर के टोंक रोड स्थित जयपुर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे महिला की मौत हो गई।
पेट पर चीरा लगा देख हुआ संदेह
मंगलवार सुबह परिजन शव को लेकर अलवर आ गए। दाह संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों को महिला के पेट पर चीरा और टांके लगे दिखे। इस पर परिजनों ने महिला के शरीर से लीवर सहित अन्य अंग निकालने का संदेह जताया।
कलक्टर ने दिए पोस्टमार्टम के आदेश
इसके बाद परिजनों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलक्टर को मामले की शिकायत दी। इस पर जिला कलक्टर ने महिला के शव का पांच चिकित्सकीय मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए। शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने महिला के शव का सामान्य अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों सौंप दिया।
प्रथम दृष्टया संदिग्ध मामला नहीं
शिवाजी पार्क थानाधिकारी राजेश शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम के दौरान प्रथम दृष्टया कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मृतका के पति की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, सामान्य अस्पताल के मेडिकल ज्यूरिष्ट डॉ. केके मीना का कहना है कि महिला के पोस्टमार्टम में प्रथम दृष्टया कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है।
दर्द से कराह रही थी
मृतका के पति निर्मल प्रकाश सूरा ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे देखा तो पत्नी कमलेश कराह रही थी। उसे डॉक्टर ने कहा बाद में आना। सब ठीक हो जाएगा। इसके कुछ देर बाद ही डॉक्टर ने फिर बुलाया। उसने देखा कि डॉक्टर पम्पिंग करने में लगे थे। इसके बाद डॉक्टर बोले कि वह उसकी पत्नी को नहीं बचा सके।
source https://www.patrika.com/alwar-news/complain-of-organ-theft-from-patient-body-6852814/
Comments
Post a Comment