राजस्थान के इस जिले में शुरू होगा दूसरा मेडिकल कॉलेज, जयपुर व दिल्ली जैसी सुविधाएं होंगी, मिलेगा बेहतर इलाज
अलवर. जिला मुख्यालय अलवर पर राज्य सरकार की ओर से घोषित मेडिकल कॉलेज शुरू होने से अलवरवासी ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों व पड़ोसी राज्यों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना आसान हो सकेगा। इसका लाभ अलवर या आसपास के क्षेत्र के लोगों को ही नहीं, बल्कि जयपुर एसएमएस अस्पताल को भी मिलेगा। जेल परिसर की जमीन पर मेडिकल कॉलेज शुरू होने पर अलवर में जांच का दायरा बढ़ेगा, इसका सीधा लाभ अलवरवासियों को मिलेगा। इनमें हार्ट, किडनी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कैंसर सहित अन्य गंभीर रोगों से पीडि़त मरीजों की अलवर में ही सरकारी स्तर पर जांच शुरू हो जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सा सेवा शुरू होने से इन रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक भी यहां कार्यरत रहेंगे। ऐसे में गंभीर रोगों से ग्रसित रोगियों को अलवर में ही जांच तथा वरिष्ठ चिकित्सकों से उपचार की सुविधा मिलने से उन्हें जयपुर एसएमएस व अन्य बड़े अस्पताल या मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा। इसका दोहरा लाभ होगा, जिसमें लोगों को अलवर में ही गुणवत्ता का उपचार मिलने से समय और पैसे की बचत होगी और उन्हें इलाज के लिए जयपुर एसएमएस नहीं जाना पड़ेगा। इससे जयपुर एसएमएस अस्पताल पर मरीजों का भार कम हो सकेगा।
अलवर में ओपीडी हो जाएगी दोगुनी से ज्यादा
मेडिकल कॉलेज शुरू होने से अलवर मे मरीजों की ओपीडी बढकऱ दोगुनी से ज्यादा हो जाएगी। इसका कारण है कि अलवर में सुपर स्पेशिलिटी सेवा शुरू होने के बाद जिले व आसपास के लोग अन्य शहरों के अस्पताल में जाने के बजाय अलवर ही आना पसंद करेंगे।
चिकित्सकों को नवाचार का मिलेगा अवसर
अलवर में उपचार की सुविधा बढऩे और सुपर स्पेशिलिटी सेवा शुरू होने से मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत चिकित्सक छात्रों को उपचार में नवाचार का मौका मिल सकेगा। मेडिकल कॉलेज में छात्रों को अध्ययन के अलावा रिसर्च कराया जाता है। मेडिकल कॉलेज में टीचिंग व एकेडमिक सुविधा होने से अध्ययनरत छात्रों को उपचार में नवाचार का भी मौका मिल सकेगा। वहीं जिला अस्पताल में कार्यरत सर्जन, फिजिशियन व अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों को भी संसाधन की उपलब्धता के चलते नवाचार का अवसर मिल सकेगा।
स्टाफ की नहीं रहेगी कमी, प्रेक्टिकल उपचार की मिलेगी सुविधा
मेडिकल कॉलेज शुरू होने पर अलवर जिला अस्पताल में स्टाफ की कमी नहीं रहेगी। साथ ही पर्याप्त संख्या में मरीज मिलने से चिकित्सकों व छात्रों को प्रेक्टिकल उपचार की सुुविधा आसानी से मिल सकेगी। इससे छात्रों के साथ ही मरीजों को भी समय पर इलाज का लाभ मिलेगा।
क्वालिटी ऑफ वर्क मिलेगा
मेडिकल कॉलेज शुरू होने पर अलवर में ही मरीजों को उपचार में क्वालिटी ऑफ वर्क मिल सकेगा। स्टाफ की कमी नहीं रहेगी तथा अध्ययनरत छात्रों को प्रेक्टिकल उपचार की सुुविधा मिलेगी। डॉ. सुनील चौहानपीएमओ, सामान्य चिकित्सालय अलवर
source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-medical-college-will-have-super-speciality-medical-facilities-6761649/
Comments
Post a Comment