कोरोना के कारण क्रिसमस पर इस बार नहीं होंगे आयोजन, वाइट संडे भी नहीं मनाया
अलवर. इसाई समाज की ओर से प्रभु यीशु के जन्मदिन के उपलक्ष में मनाया जाने वाला क्रिसमस का त्योहार हर साल अलवर के चर्च में उत्साह के साथ मनाया जाता है। लेकिन इस बार कोविड-19 के चलते तथा अलवर शहर में धारा 144 लगने के कारण क्रिसमस के त्योहार की रौनक नजर नहीं आएगी। इस बार अलवर शहर के केडलगंज और चर्च रोड स्थित चर्च में क्रिसमस के त्योहार पर आयोजन नहीं होंगे। इस कारण अभी रंग रोगन और सजावट का काम भी शुरू नहीं हो पाया है।
चर्च रोड स्थित सेंट एंड्रयूज चर्च समिति के सचिव डॉ. विलियमसन बसरा ने बताया कि दिसंबर माह के पहले रविवार को आने वाले वाइट संडे से ही क्रिसमस की तैयारियां शुरू हो जाती है, लेकिन ऐसा पहली बार हो रहा है कि क्रिसमस पर कोई आयोजन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि धारा 144 लगने और कोविड-19 की पालना में आयोजन नहीं किए जाएंगे।
केडल गंज स्थित होली फैमिली चर्च के फादरजेम्स टी एम ने बताया कि प्रभु यीशु ने मानवता की भलाई का संदेश दिया है। कोरोना के दौर में मानवता की भलाई के लिए और सरकार के निर्देशों की पालना में इस बार क्रिसमस पर कोई आयोजन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्रिसमस पर चर्च में बाहर की तरफ सजावट की जाएगी।
गौरतलब है कि क्रिसमस के अवसर पर मन्नी का बड़ स्थित चर्च में सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोग चर्च में प्रार्थना करने और और मोमबत्तियां जलाने के लिए आते हैं। यहां मेले जैसा माहोल रहता है। लेकिन इस बार यहां आयोजन नहीं होने से क्रिसमस का पर्व फीका ही रहेगा।
source https://www.patrika.com/alwar-news/christmas-2020-will-be-affected-due-to-coronavirus-infection-6565038/
Comments
Post a Comment