राजस्थान: एक्शन में ACB, विद्युत लाइनमैन को जुर्माना राशि माफ़ करने की एवज में मोटी रिश्वत लेते दबोचा
अलवर/बानसूर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अलवर ने बुधवार को बानसूर कस्बे में कार्रवाई करते हुए विद्युत निगम के एक लाइनमैन को 28 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। लाइनमैन ने परिवादी से ट्रांसफार्मर बदलने और जुर्माना राशि माफ करने की एवज में रिश्वत मांगी थी।
एसीबी अलवर के डीएसपी सलेह मोहम्मद ने बताया कि गांव परसा का बास निवासी टेकचंद ने तीन दिन पूर्व एसीबी अलवर कार्यालय में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज की थी कि बिजली निगम कार्यालय बानसूर के लाइनमैन सुनील कुमार स्वीकृत भार से अधिक का ट्रांसफार्मर बदलने एवं जुर्माना राशि माफ करने की एवज में 30 हजार की रिश्वत मांग रहा है। परिवादी की ओर से लाइनमैन सुनील कुमार से 28 हजार में सौदा तय हुआ। जिसका एसीबी की टीम ने सत्यापन करवाया और परिवादी को रसायन लगे हुए रुपए सौंपे। लाइनमैन सुनील कुमार से बुधवार सुबह परिवादी को रिश्वत की राशि लेकर कस्बे के सुभाष चौक पर बुलाया। परिवादी की ओर से 28 हजार रुपए रिश्वत राशि देते हु एसीबी की टीम ने लाइनमैन सुनील कुमार को दबोच लिया। एसीबी ने आरोपी की पेंट की जेब से 28 हजार बरामद किए। इसके बाद एसीबी की टीम रिश्वत के आरोपी लाइनमैन को बानसूर थाने ले आई और कार्रवाई की। आरोपी सुनील कुमार उत्तरप्रदेश के जिला बलिया का रहने वाला है। गौरतलब है कि पूर्व में भी रिश्वत के मामले में विद्युत निगम के लाइनमैन और कई कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
करीब पांच घंटे की पूछताछ
एसीबी की टीम ने रिश्वत मामले में गिरफ्तार लाइनमैन सुनील कुमार से बानसूर थाने में करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। एसीबी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इस रिश्वत राशि में और कौन-कौन कर्मचारी या अधिकारी शामिल हैं।
source https://www.patrika.com/alwar-news/acb-alwar-arrest-linemen-while-taking-bribe-of-28-thousand-6565021/
Comments
Post a Comment