चोरी की बाइक खरीदने वाले सहित तीन वाहन चोर गिरफ्तार
अलवर. अरावली विहार थाना पुलिस ने बाइक चोरी करने और चोरी की बाइक खरीदने वाले तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात बाइक और बाइक काटने के औजार जब्त किए हैं। आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य वारदातों के सम्बन्ध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
थानाधिकारी जहीर अब्बास ने बताया कि पुलिस को 11 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर में हो रही बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो युवक मोटरसाइकिल लेकर चोरी की फिराक में जयपलटन के पास घूम रहे हैं। इत्तिला पर पुलिस ने दबिश देकर जयपलटन के पास एक गली में बाइक सहित खड़े गांव ईटाराणा की झोपड़ी थाना अरावली विहार निवासी धारा जाटव (20) पुत्र रामोतार जाटव और बिजेन्द्र (21) पुत्र रामकिशन जाटव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक चोरी की बाइक बरामद की। पुलिस पूछताछ में शारित वाहन चोरों ने एक बाइक फ्रेंड्स कॉलोनी, एक बाइक कालीमोरी स्थित आईटीआई के पास से, एक बाइक पुराना ओवरब्रिज तथा एक बाइक जयपलटन से चोरी करना बताया। उन्होंने कालीमोरी स्थित आईटीआई के पास से चोरी बाइक को एमआईए थाना इलाके के गांव मदनपुरी निवासी लाखन उर्फ मोटा (21) पुत्र कालूराम जाटव को बेचना बताया। पुलिस ने आरोपी लाखन उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक बाइक कटी हुई अवस्था में कलपुर्जे बरामद किए। इसी के कब्जे से एक अन्य बाइक संदिग्ध अवस्था में बरामद की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सात बाइक, मूल इकरारनामा, हथौड़ी, गोटी-पाना व छैनी आदि बरामद किए गए।
यूं देते हैं वारदात को अंजाम
शातिर वाहन चोर धारा और बिजेन्द्र एक ही गांव के रहने वाले हैं और दोनों दोस्त हैं। दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव से शहर में आते हैं और घूमते हुए सुनसान खड़ी बाइक को चिह्नित करते हैं। इसके बाद एक अपनी बाइक पर बैठा रहता है तथा दूसरा बाइक चोरी कर रवाना हो जाता है। इसके बाद अपने गांव चले जाते और चोरी की बाइक को औजारों की सहायता से अलग-अलग पार्ट में खोलकर इंजन/चेसिस नम्बर को रगडकऱ पहचान छिपाते हैं। जिससे कि बाइक के रजिस्टर्ड मालिक का पता नहीं चल सके।
बाइक को काटकर कबाड़ी को बेच देते
वाहन चोर धारा और बिजेन्द्र ने कालीमोरी आईटीआई के पास से चोरी की बाइक लाखन उर्फ मोटा को बेची। लाखन उस बाइक को अपने घर पर काटकर कबाड़ी को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया और कटी हुई अवस्था में बाइक के कलपुर्जे बरामद कर लिए। आरोपी धारा और बिजेन्द्र ने भी एक बाइक कबाड़ी को बेचने के लिए काट दी थी और उसके कलपुर्जे अलग-अलग कर दिए थे।
source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-letest-crime-news-6340227/
Comments
Post a Comment