अलवर शहर में आज से दो दिन बाजार में लॉकडाउन

अलवर. कोरोना के अलवर शहर में तेजी से बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए अब सप्ताह में हर सोमवार को बाजार व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अवकाश रहेगा। शेष दिनों में शहर के बाजार सुबह सुबह 7 से शाम 7 बजे तक ही खुलेंगे। लेकिन पूर्व में जारी आदेश के तहत इस सप्ताह शनिवार व रविवार को बाजार बंद रहेगे तथा आगामी सप्ताह तीन अगस्त से हर सोमवार को बाजार व व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इस कारण अब 27 जुलाई से बाजार सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुल सकेंगे।

अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर उत्तम सिंह शेखावत ने बताया कि वर्तमान में अलवर शहर में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों से चर्चा करने के बाद सर्वसम्मति से जनहित में किए गए निर्णय के तहत सभी व्यापारी कोविड-19 के सम्बन्ध में जारी एडवायजरी व प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना कर अलवर शहर में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान व दुकान आगामी आदेश तक सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खोल व्यापारिक कार्य क्रय-विक्रय कर सकेंगे।

अब प्रत्येक सोमवार को बंद रहेंगे बाजार

जारी आदेश के तहत आगामी सप्ताह में तीन अगस्त से हर सोमवार को अलवर शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान व बाजार बंद रहेंगे। इस सम्बन्ध में पूर्व में 14 जुलाई व 19 जुलाई को जारी आदेशों में संशोधन कर सर्व सम्मति से आगामी 3 अगस्त से हर सोमवार को बाजारों में सामूहिक अवकाश रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

आज व कल बाजार बंद रहेंगे
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर ने बताया कि पूर्व में जारी शनिवार व रविवार को बाजारों व व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने के आदेश तहत इस सप्ताह 25 व 26 जुलाई शनिवार व रविवार को बाजार व व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। शुक्रवार को बाजार खोलने सम्बन्धी जारी आदेशों कि क्रियान्विति अगले महीने तीन अगस्त को आने वाले सोमवार से हो सकेगी।

होटल, रेस्टोरेंट, कॉफी टी हाउस पर आदेश लागू

प्रशासन की ओर से जारी आदेश भोजनालय, ढाबे, रेस्टोरेंट, कॉफी- टी हाउस आदि पर भी लागू होंगे। ये प्रतिष्ठान प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खोले जा सकेंगे। वहीं शाम 7 से रात 9 बजे तक इन प्रतिष्ठानों पर टेकअवे, होम डिलीवरी की सुविधा दी जा सकेगी। असके अलावा जिन होटल एवं अतिथि गृहों में अतिथि ठहरे हुए हैं, वहां पर अतिथियों को इस अवधि के बाद भी भोजन परोसा जा सकेगा।

इनको रहेगी पाबंदी से छूट

इन आदेशों से राजकीय, सार्वजनिक कार्यालय एवं औद्योगिक संस्थान, अति आवश्यक श्रेणी की दुकान व प्रतिष्ठान जैसे दूध डेयरी, सब्जी, पेट्रोल पंप, चिकित्सीय सेवाओं से सम्बन्धित मेडिकल दुकानें, लैब आदि को छूट रहेगी। इसके अलावा रिक्शा, ऑटोरिक्शा आदि को भी छूट रहेगी।

बाजार बंद रहने से रक्षाबंधन पर ज्यादा फर्क नहीं

प्रशासन की ओर जारी आदेश में तीन अगस्त से सप्ताह में हर सोमवार को बाजार का सामूहिक अवकाश रखने को कहा गया है। तीन अगस्त को रक्षाबंधन है, इस बाजार बंद करने के निर्णय से त्योहार पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। इस सप्ताह शनिवार व रविवार को बाजार बंद रहेंगे। वहीं आगामी सप्ताह से सोमवार को बाजारों का सामूहिक अवकाश रहेगा। सोमवार को बाजार बंद रखने के निर्णय के साथ ही जिन बाजारों में रविवार को अवकाश रहता वह यथावत रहेगा, वहीं मंगलवार को जिन बाजारों में अवकाश रहता है, वह भी यथावत रहेगा। इसके अलावा सोमवार को बाजार बंद करने के निर्णय में कृषि उपजमंडी व ट्रांसपोर्ट व्यवसाय भी शामिल है। दूध, सब्जी व आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।

रमेश जुनेजा

जिलाध्यक्ष, अलवर जिला व्यापार महासंघ



source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-letest-news-6293801/

Comments

Popular posts from this blog

अलवर में 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर सात जनों ने बलात्कार किया, 10 दिनों में बलात्कार के आठ मामले सामने आए

राजस्थान पत्रिका की निःशुल्क भोजन योजना को बताया पूरे प्रदेश में अव्वल, कोरोना पीड़ित और जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे भोजन

कभी इनके नाम पर बजती थी तालियां, आज गुमनाम जिंदगी जी रहे कलाकार रिक्शा चलाने और कबाड़ी बनने को मजबूर हैं यह कलाकार