सैनिकों के नाम से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर बदमाश धरे
अलवर. एमआईए थाना पुलिस ने सैनिकों के नाम से ओएलएक्स और फेसबुक पर वाहन बेचने का फर्जी विज्ञापन डालकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक बिना नम्बरी लाल रंग की कार, चार मोबाइल, 12 एटीएम/डेबिट कार्ड और 30 हजार रुपए नगदी बरामद की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि 21 जुलाई डीएसटी टीम के कांस्टेबल देवकीनंदन की फेसबुक आईडी पर शौकत खां नाम की फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। जिसकी प्रोफाइल पर सीआरपीएफ की वर्दी में फोटो लगा हुआ था। रिक्वेस्ट स्वीकार करते ही शौकत खां ने उसके मेसेंजर पर मैसेज किया। बातचीत में स्वयं को आर्मी में होना बताया और अपना फोटो भेजकर कहा कि उसका ट्रांसफर हो गया है। उसे अपनी कार बेचनी है। जिसकी सूचना कांस्टेबल ने डीएसटी के इंचार्ज एएसआई कासम खां को दी। इस पर डीएसटी इंचार्ज ने कांस्टेबल को शौकत खां द्वारा दिए गए मोबाइल नम्बरों पर बोगस ग्राहक बनकर सौदा करने को कहा। व्हाट्स-एप पर बातचीत में कार का सौदा 6.25 लाख रुपए में तय हुआ। कांस्टेबल को गाड़ी के कागज कूरियर करने के लिए दस हजार रुपए खाते में एडवांस डालने को कहा। इस पर 22 जुलाई को कांस्टेबल ने शौकत के खाते में ई-मित्र के जरिए 10 हजार रुपए एडवांस डाल दिए तथा बाकी रुपए गाड़ी की डिलीवरी मिलने के बाद देने को कहा। शातिर ठग के मोबाइल नम्बर की साइक्लोन सेल से लोकेशन निकलवाई तो एमआईए स्थित एक होटल के आसपास आई। इस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शातिर ठग शौकत खां (30) पुत्र हनीफ उर्फ हन्नी खां निवासी रामसिंहपुर पालकी थाना सीकरी जिला भरतपुर हाल ट्रांसपोर्ट नगर-एनईबी अलवर और उसके साथी अरशद उर्फ उरसद (32) पुत्र रुजदार खां निवासी बाड़ी पोखर थाना रामगढ़ अलवर को गिरफ्तार कर लिया। शातिर ठगों ने ऑनलाइन ठगी की अन्य वारदातों के सम्बन्ध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
source https://www.patrika.com/alwar-news/alwar-letest-crime-news-6293747/
Comments
Post a Comment